परेशान लोगों ने प्रशासन से समस्या के समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। सरकार ने लोगों के सुविधा के लिए ऑनलाइन माध्यम से दस्तावेज बनाने की प्रक्रिया शुरू की है। इस कार्य के लिए जगह-जगह लोकमित्र केंद्र (कॉमन सर्विस सेंटर) खोले गए है। इन सेंटर से पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेज 20 दिन से लंबित पड़े हुए हैं। लोकमित्र केंद्र भिड़ा, मट्टनसिद्ध व डिडवीं टिक्कर में लोकमित्र केद्रों के संचालकों को लोगों की खरी खोटी सुननी पड़ रही है। लोगों को बार-बार लोकमित्र केंद्रों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
लोगों ने लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से एचपीई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जो दस्तावेज मंंजूरी के लिए भेजे हैं, वे दस्तावेज 20 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें नहीं मिल पा रहे हैं। एचपीई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर तहसीलदार हमीरपुर से इन केंद्रों के दस्तावेजों की मंंजूरी नहीं हो पा रही है। इन दस्तावेजों की आईडी पर स्टेटस पेंडिंग एट डीए-डीलिंग असिस्टेंट आ रहा है। लोकमित्र केंद्रों के संचालकों ने कहा कि इससे पहले दो या तीन दिन में सभी दस्तावेज मंजूर हो जाते थे। अब इन कागजों के जल्द मंजूर न होने के कारण क्षेत्र के लोगों में रोष है। स्थानीय ग्राम पंचायत धलोट, डुग्घा, बरोहा की प्रधान ज्योति देवी, मंजू बाला, निर्मला पटियाल व क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से लंबित दस्तावेजों को शीघ्र मंजूर करने की गुहार लगाई है। एसडीएम हमीरपुर मुनीष कुमार सोनी का कहना है कि कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि इस तरह की दिक्कत है तो इसका समाधान किया जाएगा।