हमीरपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सीएमओ कार्यालय में जिलास्तरीय मासिक मूल्यांकन बैठक शुक्रवार को हुई। इसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय जगोता सहित सभी स्वास्थ्य खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया। संजय जगोता ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा इस बात पर जोर दिया कि जिले में कोविड-19 की सैंपलिंग को तेज करने की आवश्यकता है।
इसके बाद सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ राष्ट्रीय कार्यक्रमों की अब तक की उपलब्धियों का विवरण बैठक में प्रस्तुत किया। सीएमओ डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि एक जून से 30 जून तक एनीमिया की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें 10 वर्ष तक के स्कूल जाने वाले बच्चों की एनीमिया के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण दिवस 26 मई को मनाया जा रहा है, इसकी समस्त तैयारी की जाए तथा सभी लोगों को इस बारे में जागरूक किया जाए।
उन्होंने गर्मियों के मौसम में पानी से होने वाली बीमारियों के नियंत्रण पर भी जोर देने को कहा। स्कूलों की पानी की टंकियों की जांच करने और सफाई के निर्देश दिए। सभी स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को पानी के सैंपल ज्यादा बढ़ाने को भी कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम पर भी चर्चा की तथा सभी खंड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर महीने की 16 तारीख तंबाकू चालान के लिए तय की गई है, उसका पालन करें।