मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के शिशु रोग वार्ड में उपचाराधीन शिशु व मौजूद तीमारदार।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के शिशु रोग वार्ड को अब आईसीयू (गहन चिकित्सा केंद्र) बनाया गया है। यहां एल्युमीनियम और शीशे की फिटिंग (जुड़ाई) कर शिशुओं को संक्रमण से सुरक्षित करने के लिए व्यवस्था की गई है। आईसीयू की तर्ज पर बने इस वार्ड में गंभीर बीमार शिशु उपचाराधीन होते हैं। यहां वेंटिलेटर, एयर कंडीशनर सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं शिशुओं के उपचार के लिए उपलब्ध करवाई गई हैं। इससे पूर्व यह मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का साधारण शिशु रोग वार्ड था।
इसके अलावा अब शिशु रोग की ओपीडी रैन बसेरा के पास भी शिशुओं के लिए एक वार्ड बनाया गया है। हालांकि, पुराने वार्ड के साथ ही शिशुओं के लिए फोटोथेरेपी मशीन भी लगी हैं, लेकिन अब गंभीर बीमार शिशुओं को अन्य आईसीयू वार्ड में रखने के बजाय इनके अपने आईसीयू वार्ड में ही रखा जाएगा। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष ने कहा कि शिशु रोग वार्ड को आईसीयू की तर्ज पर विकसित किया गया है। यहां गंभीर शिशुओं के लिए वेंटिलेटर, एयर कंडीशनर के साथ-साथ अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।