without covid report no entry in chamba
चंबा/बनीखेत। जिले में वीरवार रात 12 बजे से बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को 72 घंटे की आरटीपीसीआर रिपोर्ट या रैपिड एंटीजन टेस्ट या कोरोना की दोनों वैक्सीन का प्रमाण पत्र दिखाना होगा। इसके बाद ही उन्हें जिले में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने बाकायदा दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। वहीं, लाहडू और तुन्नूहट्टी बैरियरों से मणिमहेश यात्रा के लिए पहुंचे तीस श्रद्धालुओं को वीरवार को वापस भेजा गया।
गौरतलब है कि जिले में रोजाना सौ से अधिक संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश भर में बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बाद सरकार ने धार्मिक यात्राओं पर रोक लगा रखी है। इसी क्रम में पवित्र मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को जिले के सीमांत बैरियरों से ही वापस लौटाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार से लेकर वीरवार शाम तक 30 बाहरी राज्यों के श्रद्धालुओं को वापस भेजा गया। डलहौजी के एसडीएम जगन ठाकुर ने कहा कि वीरवार आधी रात के बाद से जिले के बैरियरों से आगे बिना आरटीपीसीआर रिपोर्ट, रैपिड एंटीजन टेस्ट या कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज के प्रमाण पत्र के अभाव में अब किसी को भी जिले में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कहा कि कोरोना नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है।
डीएसपी विशाल वर्मा ने कहा कि मणिमहेश यात्रा पर बाहरी राज्यों से आने वाले 30 श्रद्धालुओं को वापस भेजा गया है। कहा कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते पवित्र मणिमहेश यात्रा पर रोक लगाई गई है।