The target of 100% vaccination will be completed by November 30
चंबा। जोनल अस्पताल धर्मशाला के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर राजेश गुलेरी जिले में कोरोना वैक्सीनेशन अभियान को गति प्रदान करेंगे। सरकार ने तीस नवंबर तक सौ प्रतिशत वैक्सीनेशन लक्ष्य हासिल करने के लिए उनकी ड्यूटी प्रभारी के रूप में लगाई है। वैक्सीनेशन अभियान को तेज करने के लिए ढाई सौ स्वास्थ्य टीमों का गठन किया जा रहा है।
ये टीमें लोगों के घरों में जाकर वैक्सीनेशन करेंगी। डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि पंचायत स्तर पर टास्क फोर्स कमेटी का गठन किया जाएगा। इसमें प्रधान अध्यक्ष होगा और पंचायत सचिव, आशा वर्कर सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि सदस्य होंगे। यह कमेटी अपनी पंचायत में कोरोना वैक्सीन लगवाने से छूटे लोगों की पहचान कर सूची बनाएगी। यह सूची स्वास्थ्य विभाग के पास जाएगी। उसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीम को भेज कर पंचायत में टीकाकरण शिविर लगाया जाएगा।
सप्ताह में एक बार पंचायत स्तर पर पर टीकाकरण अभियान चलेगा। अगर पंचायत में कोई व्यक्ति वैक्सीन लगवाने से वंचित होता है तो उसकी जिम्मेदारी टास्क फोर्स कमेटी की होगी। 15 नवंबर को होने वाली ग्राम सभाओं में पंचायत में बनने वाली कमेटियां अपना लक्ष्य निर्धारित करेंगी। कहा कि जिले में वैक्सीनेशन का 62 फीसदी लक्ष्य पूरा हो चुका है। बचे हुए लोगों को तीस नवंबर से पहले वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहली डोज लगवा चुके लोगों को फोन करके दूसरी डोज की जानकारी जुटाई जाएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधीश ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे स्वास्थ्य टीमों के लिए वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित बनाएंगे।
नगर परिषद चंबा, डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी में हर घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत चलने फिरने में असमर्थ लोगों को उनके घरों में जाकर स्वास्थ्य टीमें कोरोना वैक्सीन लगाएंगी। चंबा में अभियान की शुरुआत हो चुकी है। चौगान स्थित कलाकेंद्र में भी वैक्सीनेशन शिविर शुरू किया गया है। इसके अलावा वैक्सीनेशन के लिए अन्य क्षेत्रों में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं।