चंबा। भरमौर के बुद्धिजीवियों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रस्ताव भेजकर मणिमहेश यात्रा को साल में तीन माह तक चलाने की मांग की है। डॉ. विनोद शर्मा, जीत राम, प्यारा राम और चरण दास ने बताया कि मणिमहेश कैलाश पर्वत तक सड़क का निर्माण किया जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसा होने से श्रद्धालुओं को यात्रा पूर्ण करने के लिए 13 किलोमीटर पैदल नहीं चलना पड़ेगा। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग श्रद्धालुओं को होती है। इसके अलावा भरमाणी माता से तहसील मुख्यालय भरमौर को रोपवे से जोड़ा जाए। इसके लिए पैसा भी स्वीकृत हो चुका है। इसका कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाए। मणिमहेश यात्रा के दौरान हवाई उड़ानें मौजूदा हेलीपैड से न की जाएं। इसके लिए दूसरी जगह विकल्प ढूंढा जाए। मांग की कि दूरदराज की धारों में जहां पशुपालक खेतीबाड़ी करते हैं, वहां तक सड़क का निर्माण किया जाए। इसके अलावा हड़सर पंचायत के महौण गांव में पेयजल स्कीम स्वीकृत कर पानी की समस्या का निदान करने के साथ ही भरमौर में पानी के पुराने पेयजल पाइपों की मरम्मत करवाने की मांग की।