चंबा/बनीखेत। शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लोगों को खासा पसीना बहाना पड़ा। प्रचंड गर्मी में जहां बसें मुख्यालय से दो से तीन किलोमीटर पीछे रोकी गईं तो वहीं आगे का सफर लोगों को पैदल ही करना पड़ा। बनीखेत में भी आधे घंटे तक लगे जाम ने लोगों के खूब पसीने छुड़ाए।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने शहर में वाहनों की आवाजाही को कम करने के लिए योजना तैयार की थी। इसके तहत विभिन्न रूटों से आने वाली बसों को नए बस अड्डे से पीछे ही रोकना पड़ा। ऐसे में बाजार में खरीदारी और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को काफी दिक्कत हुई। चंबा-साहो से आने वाली बसों को बालू तक ही आने दिया गया। ऐसे में लोग वाया आईटीआई होकर करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर शहर में पहुंचे। भरमौर क्षेत्र से आने वाली बसों को जीरो प्वाइंट से आगे नहीं जाने दिया गया। लिहाजा, लोगों को तीन किलोमीटर तक पैदल आवाजाही करनी पड़ी। छोटे वाहनों की आवाजाही भी केंद्रीय मंत्री के शहर में प्रवेश करते समय बंद रही। हालांकि, एंबुलेंस वाहनों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं था।
बनीखेत के समीप लग गया जाम
केंद्रीय मंत्री के बनीखेत में पहुंचते ही जाम लग गया। करीब आधा घंटा जाम की समस्या से वाहन चालक जूझते रहे। पुलिस को जाम से निपटने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बनीखेत में केंद्रीय मंत्री ने समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।
एक निजी बस पहुंच गई शहर में
केंद्रीय मंत्री के जिला मुख्यालय पहुंचने से करीब दो घंटे पहले एक निजी बस शहर में प्रवेश कर गई। इस बस में भाजपा कार्यकर्ता सवार थे। बहरहाल, बस को तुरंत खाली करवाकर वापस भेज दिया गया।
केंद्रीय मंत्री के दौरे और सुरक्षा की दृष्टि से जिले को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के कर्मचारी तैनात थे।
युवाओं ने मंत्री के साथ ली सेल्फी
युवाओं में केंद्रीय मंत्री के साथ सेल्फी लेने का काफी क्रेज देखने को मिला। केंद्रीय मंत्री ने भी युवाओं की भावनाओं को तवज्जो देते हुए जगह-जगह सेल्फी लेकर उनका मनोबल बढ़ाया।