भरमौर के चौरासी परिसर में मणिमहेश मंदिर के साथ देवदार पर झंडा चढ़ाने की रस्म को पूरा करने उमड़े श?
- फोटो : Chamba
भरमौर (चंबा)। चौरासी परिसर के ऐतिहासिक मणिमहेश मंदिर के पास स्थित देवदार के पेड़ पर झंडा चढ़ाकर स्थानीय जातरों का आगाज हुआ। जातरों का शुभारंभ भरमौर-पांगी विस क्षेत्र के विधायक जियालाल कपूर ने किया। गौरतलब है कि सोमवार रात को नरसिंह के मंदिर में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की रस्में निभाई गईं।
जबकि, मंगलवार को परंपरा के मुताबिक घराटी परिवार के सदस्य राजेश कुमार ने देवदार के पेड़ पर झंडा चढ़ाया। झंडा चढ़ाने की रस्म के साथ ही पूरा वातावरण शहनाई वादन से गूंज उठा। इस दौरान महिलाओं ने भी भजन-कीर्तन किया। झंडा रस्म के बाद चौरासी परिसर के सभी मंदिरों में नए वस्त्र चढ़ाए गए।
देवी-देवताओं के नाम से आयोजित होने वाली इन जातरों में भगवान नरसिंह, मणिमहेश, लखना माता, गणेश, शीतला माता, कार्तिक स्वामी, जयकृष्ण गिरि महाराज, हनुमान और प्रेम नारायण गिरि की जातरें आयोजित की जाती हैं। सदर पंचायत प्रधान एवं मेला कमेटी अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते इस बार जातरों की रस्में ही निभाई गई हैं। कोरोना संक्रमण न फैले, इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।