कसाकड़ा के पास वेंडिंग जोन के निरीक्षण के दौरान नगर परिषद की टीम।
- फोटो : Chamba
चंबा। शहर में चौगान वार्ड के समीप गलियों में नालियों को कवर कर कब्जा करने वाले चार दुकानदारों को अपने कब्जे हटाने होंगे। नगर परिषद चंबा ने इस संदर्भ में दुकानदारों को कड़ी हिदायत जारी की है। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि दो सप्ताह के अंदर दुकानदार अपने कब्जों को हटा लें। अगर दी गई मोहलत में दुकानदार अपने कब्जे नहीं हटाते हैं तो नगर परिषद की ओर से एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
हैरानी की बात तो यह है कि दुकानदारों ने जहां नालियों पर अतिक्रमण करके रखा है, वहीं दुकान का दायरा बढ़ाते हुए मार्बल तक बिछा दिया है। इससे नालियां पूरी तरह ब्लॉक हो गई हैं। सफाई करने में भी दिक्कत हो रही है। इस मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने नगर परिषद चंबा से की थी। उसके बाद नगर परिषद ने हरकत में आते हुए मंगलवार को मौके का जायजा लिया और दुकानदारों को हिदायत दी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अक्षित गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान चार दुकानदारों ने नालियों को कवर कर रखा था। एक दुकानदार ने मार्बल तक बिछा दिया है। कहा कि दुकानदारों को दो सप्ताह का समय दिया गया है। अगर इस अवधि में दुकानदार अपना कब्जा नहीं हटाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रस्तावित वेंडिंग जोन स्थल का भी किया निरीक्षण
नगर परिषद ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित वेंडिंग जोन स्थल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान वेंडिंग जोन के कार्य को लेकर संभावनाएं तलाशी गईं। टेंडर पास हो गया है। बहरहाल, अब शेष औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। प्रस्तावित वेंडिंग जोन स्थल के समीप जहां कुछ पेड़ है तो वहीं, बिजली ट्रांसफार्मर भी है।