तड़ोली के पास गाड़ी के अंदर रखे सामान के बिल की जांच करती आबकारी एवं काराधान विभाग की टीम।
- फोटो : Chamba
चंबा। भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर तड़ोली के समीप नाकाबंदी के दौरान तीन वाहनों में लाए जा रहे सामान में ई-वे बिल में खामियां पाई गई। इन गाड़ियों में फर्नीचर, प्लाइवुड व क्रॉकरी का सामान था। राज्य कर एवं कराधान विभाग चंबा ने गाड़ी मालिकों से 83,742 रुपये की वसूली बतौर कर व जुर्माना की गई। इसके अलावा गुड्स टैक्स व पैसेंजर टैक्स के रूप में 58,440 रुपये की वसूली की। इन वाहनों को जुर्माना भी किया गया। क्योंकि वाहनों के मालिकों ने समय पर गुड्स व पैसेंजर टैक्स अदा नहीं किया था। इस तरह कुल 1,42,182 रुपये का राजस्व कर व जुर्माने के रूप में विभाग ने चेकिंग के दौरान एकत्रित किया। राज्य कर व आबकारी विभाग चंबा में इस तरह से चेकिंग के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है ताकि कर चोरी पर अंकुश लगाया जा सके।
जानकारी के अनुसार टीम रविवार को तड़ोली के समीप नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान तीन वाहन पठानकोट की तरफ से आए। टीम ने इन वाहनों को चेकिंग के लिए रोका। जहां बिलों में खामियां पाई गई और विभागीय टीम की ओर से जुर्माना किया गया। खबर की पुष्टि राज्य कर एवं आबकारी विभाग चंबा के आयुक्त नरेंद्र सेन ने की है। उन्होंने कहा कि रविवार को विभाग ने तड़ोली में तीन वाहनों की चेकिंग की और खामियां पाए जाने पर जुर्माना किया।