14 Panchayats of Holi immersed in darkness for three days
होली (चंबा)। उपमंडल होली के तहत गरोदा, बजोल, न्याग्रां, दियोल, कुलेठ, होली, कुठेड़, लांबू, क्वारसी, सांह, चन्हौता, गरोला, उलांसा और सियूर पंचायतों के दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति तीन दिन से बंद पड़ी हुई है। बिजली न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के ऊपरी क्षेत्रों में तीन से चार फीट, जबकि सड़क किनारे दो से ढाई फीट बर्फबारी में टूटी लाइनों को दुरुस्त करना बोर्ड कर्मियों के लिए कड़ी चुनौती बना हुआ है। बोर्ड अधिकारियों का दावा है कि बुधवार देरशाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि होली क्षेत्र में बर्फबारी ने लोगों की मुसीबतों को बढ़ा दिया है। चारों ओर बर्फ की बिछी सफेद चादर के कारण क्षेत्र में बिजली गुल है। ऐसे में लोगों के बिजली उपकरण महज शोपीस बने हुए हैं। बिजली न होने के कारण गृहिणियों को भी समय रहते ही रात का भोजन तैयार करना पड़ रहा है। लोगों ने बोर्ड अधिकारियों से क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति को सुचारु करवाने की मांग उठाई है।
अजय कुमार, राकेश कुमार, महेश कुमार, ठाकुर सिंह, राज कुमार, उत्तम चंद आदि का कहना है कि क्षेत्र में दर्जनों निजी विद्युत परियोजनाएं क्रियान्वित हैं। बावजूद इसके क्षेत्र में बर्फबारी के कारण तीन दिन से बिजली गुल है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर बिजली बिलों की अदायगी करने के बावजूद तीन दिन से वे अंधेरे में हैं। वहीं, बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई तक नहीं कर पा रहे हैं।
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता दिनेश कुमार ने कहा कि बुधवार शाम तक बिजली बहाल होने की पूरी उम्मीद है। बर्फबारी में बोर्ड कर्मी लाइनें दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।