घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं पुलिस ने मंगलवार रात्रि कुठेड़ा के पास नाके के दौरान पुलिस ने एक पिकअप पकड़ी है। इसमें पशु ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
घुमारवीं पुलिस ने मंगलवार रात्रि कुठेड़ा बाजार में नाका लगाया था। इस दौरान जाहू से घुमारवीं की तरफ पिकअप गाड़ी एचपी 23 ए 9614 आई। शक के आधार पर इसे रोका गया। जांच करने पर इसमें पांच भैंसों को ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ था। सभी की टांगें रस्सी से बांधी हुई थीं। चालक कागजात दिखाने में नाकाम रहा। घुमारवीं थाना पुलिस ने सुरेश कुमार पुत्र देशराज गांव बल्लू खरयाला डाकघर भगेड़ और राहुल चंदेल पुत्र राजेश कुमार निवासी भगेड़ तहसील घुमारवीं को पशु क्रूरता अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। बताया कि दो लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत का मामला दर्ज कर लिया गया है।