बिलासपुर। झंडूता विधायक जीतराम कटवाल ने शनिवार को 56 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही कुटबांगड़ पेयजल योजना के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजना की अब तक की प्रगति को लेकर फीडबैक लिया।
उन्होंने बताया कि इस साल के जून माह तक यह योजना बनकर तैयार होगी। इस योजना का 80 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही 15 लाख लीटर पेयजल क्षमता का टैंक बनाया जा रहा है जिसकी प्रगति का भी विधायक ने जायजा लिया।
खास बात यह है कि इस योजना के 10 पिल्लर झील के अंदर होंगे। जून माह में इस योजना का उद्घाटन करवाया जाएगा और अगले कई वर्षों तक क्षेत्र में पानी की किल्लत का स्थायी समाधान होगा। लोगों को विशेषकर गर्मियों के मौसम में पानी की कमी नहीं होगी।
इससे पहले जीतराम कटवाल ने कोसरियां और जड्डू में लोगों की समस्याएं सुनीं। ज्यादातर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया है, जबकि शेष समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्य में विकास को गति मिली है।
हालांकि चार सालों के कार्यकाल में कोरोना संकट होने के बावजूद सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत की। जनमंच जैसा बड़ा कार्यक्रम लोगों के लिए काफी कारगर सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट फिर से पैदा होने की वजह से अभी जनमंच कार्यक्रमों को बंद रखा है लेकिन जैसे ही संकट खत्म होगा तो जनमंच कार्यक्रमों की शुरूआत हो जाएगी।
जनमंच के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इससे जनता को घरद्वार पर सहूलियत मिली है। कटवाल ने कोसरियां के जयश्रीदेवी मंदिर में राम परिवार की स्थापना की और पूजा-अर्चना के बाद मूर्तियों की स्थापना की गई। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ ही अन्य गण्यमान्य लोगों ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई।
इस अवसर पर बीडीसी चेयरमैन अभिषेक चंदेल, वाइस चेयरमैन शेर सिंह, किसान मोर्चा के राज्य प्रवक्ता परवेश शर्मा, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा और एसटी मोर्चा के जिला अध्यक्ष कमल चौहान के साथ ही अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
इनसेट-
झंडूता विधानसभा क्षेत्र में बढ़ेगी कनेक्टिविटी, बरसंड में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र
विधायक जेआर कटवाल ने कहा कि इस साल झंडूता विधानसभा क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ेगी और लोगों के लिए चंडीगढ़ का सफर सुहाना हो जाएगा। वहीं, पानी की समस्या का स्थायी समाधान होगा तो वहीं, फोरलेन से जुड़ने की वजह से बरसंड में औद्योगिक क्षेत्र का बसाव होगा जिससे स्थानीय लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि जो वायदे चुनाव के समय उन्होंने जनता के साथ किए थे इसी सरकार के कार्यकाल में पूरे भी कर दिए जाएंगे।