जिला अस्पताल बिलासपुर में कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगवाता वरिष्ठ नागरिक।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। जिले में कोरोना के मामले बढ़ने से जिला अस्पताल बिलासपुर की ओपीडी में मरीजों की संख्या घटने लगी है। पहले जहां ओपीडी में हर रोज 700 के करीब लोग आते थे वहीं आजकल 300 लोग उपचार करवाने आ रहे हैं। अस्पताल की शिशु रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर ही ज्यादा संख्या में मरीज देखे जा रहे हैं।
जिला अस्पताल बिलासपुर में शहर के अलावा दूर दराज के गांवों के लोग अपना इलाज करवाने के लिए आते हैं। इस कारण अस्पताल में हमेशा काफी भीड़ रहती है। दूसरी लहर के बाद कोरोना के मामले न के बराबर थे तो अस्पताल लोगों की भीड़ बढ़ने लगी थी। अब तीसरी लहर के साथ जनवरी में जब कोरोना के मामले बढ़ने लगे तो अस्पताल की ओपीडी में फिर से लोगों की भीड़ कम होने लगी। अस्पताल की शिशु रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर ही ज्यादातर मरीज होते हैं। अन्य ओपीडी के बाहर इक्का दुक्का मरीज आते हैं। शहर के लोग ज्यादातर डॉक्टरों से फोन पर ही परामर्श कर रहे हैं।
निगेटिव रिपोर्ट वालों को ही दे रहे प्रवेश : एमएस
एमएस डॉक्टर सतीश ने बताया कि कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल में ओपीडी में जाने के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। लोग भी कोरोना नियमों का सही तरीके से पालन कर रहे हैं। घरों से भी कम ही बाहर निकल रहे हैं।