मामा के साथ मिलकर युवक ने की जबरन शादी, पहले मामा ने फिर चार रिश्तेदारों ने किया गैंगरेप
मामा के साथ मिलकर युवक पर जबरन शादी का आरोप, पहले मामा ने फिर चार रिश्तेदारों ने किया विवाहिता से गैंगरेप
-अंबाला के साहा की एक कॉलोनी निवासी महिला ने लगाया आरोप, महिला थाना अंबाला में पांच आरोपियों पर करवाई जीरो एफआईआर, केस यमुनानगर किया ट्रांसफर
-एसपी प्रवक्ता बोले, जांच में झूठा निकला मामला, लव-मैरिज करने पर परिजनों ने दबाव में कराया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर।
अंबाला के साहा की एक कॉलोनी निवासी विवाहिता ने अंबाला सिटी के महिला थाना में अपने पति, उसके मामा व चार अन्य रिश्तेदारों पर गैंगरेप करने का केस दर्ज कराया है। 19 वर्षीय पीड़िता बैंक कर्मी है, जनवरी 2018 में उसने जिले के गांव खेड़ी रांगड़ान निवासी युवक से लव मैरिज की थी। थाने में दी शिकायत में विवाहिता का आरोप है कि उसके पति के मामा ने जबरन उसकी शादी करवाई। शादी के बाद आरोपी मामा ने उन्हें अपने घर रखा। जहां उसके पति के मामा ने पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वो अपने पति के घर उसके साथ आ गई। यहां पर उसके पति के चार रिश्तेदारों ने उससे गैंगरेप किया। अंबाला पुलिस ने मामले में जीरो नंबर एफआईआर दर्जकर यमुनानगर ट्रांसफर किया। एसपी ने मामले की जांच महिला थाना पुलिस को सौंपी। वहीं शाम को एसपी प्रवक्ता तेजवीर के अनुसार महिला ने मजिस्ट्रेट बयान में बताया कि उसके अपने पिता के दबाव में आकर केस दर्ज कराया है। यह सही नहीं है।
पुलिस को दी शिकायत में साहा निवासी 19 वर्षीय विवाहिता ने बताया कि वह अंबाला के एक बैंक में कर्मी है। बीती 20 जनवरी को खेड़ी रांगडान निवासी युवक से उसके मामा ने उसकी जबरन शादी करवाई थी। जिला कोर्ट से प्रोटेक्शन मिलने के बाद उसका पति उसे अपने मामा के घर ले गया। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद उसके पति ने उसे पानी में नशीला पदार्थ पिलाकर अपने मामा को सौंप दिया। आरोप है कि इसके बाद उसके मामा ने उससे दुष्कर्म किया। जब उसने अपने पति को इस बारे में बताया उन्होंने कोई बात नहीं सुनी। शादी के तीन माह बाद उसका पति उसे अपने घर खेड़ी रांगडान ले गया। आरोप है कि यहां पर उसके पति के भाई व तीन अन्य रिश्तेदारों ने दुष्कर्म किया। जब उसने अपने पति को आपबीती सुनाई तो उसने उसे धमकाया। वह किसी तरह से बचकर अपने घर पहुंची। उसने परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों ने घटना की सूचना जिला अंबाला पुलिस को दी। महिला थाना अंबाला पुलिस ने मामले में युवती के पति, उसके मामा व चार अन्य रिश्तेदारों पर जीरो एफआईआर दर्जकर केस यमुनानगर पुलिस को ट्रांसफर किया।
वर्जन
पुलिस प्रवक्ता तेजवीर का कहना है कि साहा निवासी 19 साल की युवती ने शिकायत दी थी कि उसने गांव खेड़ी रांगडान निवासी युवक से शादी की थी। ससुराल में उसके साथ पांच रिश्तेदारों ने गैंगरेप किया। आरोप था कि जब उसने अपने पति को बताया तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत पर पुलिस ने गैंगरेप और धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। इस मामले में शिकायतकर्ता विवाहिता के 164 के बयान कराए गए तो इसमें उसने कहा कि यह मामला झूठा है। उसके पिता ने दबाव डालकर यह शिकायत दिलाई थी। उसके साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। क्योंकि उसने अपने परिजनों के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी।