ड्राइवर व क्लीनर पर हमला कर नकदी और मोबाइल लूटे
लेदी रोड पर गांव हडौली के पास तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
छछरौली। लेदी रोड पर गांव हडौली के पास तीन बदमाशों ने ट्रक का टायर बदल रहे ड्राइवर व क्लीनर पर रॉड से हमला कर उनसे 14200 रुपये और मोबाइल लूट लिया। बदमाशों ने इस दौरान चालक की टांग पर रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया। क्लीनर ने घायल ड्राइवर को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक चालक की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है।
यूपी के सहारनपुर जिले के गांव कसाबगढ़ निवासी पप्पू ने बताया कि वह ट्रक ड्राइवर है। वह जैतपुर में लगे स्टोन क्रशरों से रेत बजरी लेकर यूपी जाता है। रोजाना की तरह वह बजरी लेने के लिए जैतपुर स्टोन क्रेशर पर गया था। उसके साथ उसका क्लीनर सागर भी था। ट्रक में बजरी भरकर जब वे वापस यूपी जा रहे थे तो रास्ते में लेदी रोड पर गांव हडौली के पास ट्रक के टायर में पंचर हो गया। ट्रक का टायर बदलने के लिए वे रुक गए। अपने क्लीनर की मदद से वह ट्रक का टायर बदलने लगा। रात करीब साढ़े दस बजे बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आकर रुके। बाइक चालक को छोड़कर उसके पीछे बैठे दोनों युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। आते ही बाइक पर पीछे बैठे युवकों ने उनकी रॉड उठा ली और उनसे मारपीट करने लगे। युवकों ने मारपीट के दौरान मेरी टांग पर रॉड से वार किया। इससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी ने उसकी जेब से 12500 रुपये लूट लिए। इसके बाद 1700 रुपये व मोबाइल क्लीनर से लूट लिया। इस दौरान उन्होंने मदद के लिए चीख पुकार भी की। लेकिन सड़क बिल्कुल सुनसान थी। कोई मदद के लिए भी नहीं आया। थाना प्रभारी यशपाल नेहरा का कहना है कि ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है।