यमुनानगर में आयकर विभाग की चौथे दिन भी कार्रवाई जारी रही। हालांकि इस दौरान चार से छह जगहों पर विभाग की कार्रवाई बंद हो गई। किंतु जिन फैक्टरी मालिकों के यहां अभी भी रेड चल रही उनके यहां से करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज व बैंक खातों की जांच की जा रही है। इतना ही नहीं कईं फैक्टरी मालिक ऐसे रहे जिनके मोबाइल को कब्जे में लेकर डाटा जुटाया गया तो कुछ के सीए व अकाउंटेंट से दस्तावेजों को लेकर जांच की जा रही है। पता चला है आयकर विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से शहर की पूरी इंडस्टीज में उथल-पुथल मच गया है।
बता दें कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर से आयकर विभाग की 11 टीमें यमुनानगर पहुंची। इन टीमों ने पूर्व विधायक दिलबाग के घर के अलावा जोड़ियो, पांसरा, बाड़ी माजरा, जठलाना समेत कई स्थानों पर करीब 20 प्लाईवुड फैक्ट्रियों में छापेमारी की थी। इनके अलावा आयकर विभाग की टीमों ने जोड़ियो स्थित यूनिक वुड, पांसरा टिंबर, श्रीराम वुड इंडस्ट्री, राधा कृष्ण प्लाईवुड बाड़ी माजरा, ट्रीनोक्स जठलाना, यूनाइटेड टिंबर पर जांच की थी।