आईटीआई संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया आज से शुरू हो जाएगी। इसके तहत जिले की छह सरकारी आईटीआई की कुल 2048 सीटों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। दाखिला प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी। जिले की सबसे बड़ी यमुनानगर आईटीआई में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में सबसे ज्यादा उत्सुकता है। चूंकि सबसे ज्यादा ट्रेड्स और सीट इसी संस्थान में हैं। ऐसे में संस्थान प्रबंधन ने भी इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व संस्थान में सहायता केंद्र स्थापित कर दिए हैं। मुख्य आईटीआई में इस बारे अपेक्षा से अधिक आवेदन आने की संभावना है।
प्राचार्य मनदीप सिंह ने बताया कि इस साल दसवीं व 12वीं कक्षा का परिणाम शत प्रतिशत आया है। ऐसे में सभी विद्यार्थी अपने अनुरूप ट्रेड पाने का प्रयास करेंगे। जिस कारण इस बार दाखिला के लिए मारामारी रहेगी। ऐसे में अव्यवस्था न फैले इसके लिए संस्थान ने अपने स्तर पर सभी प्रबंध कर लिए हैं। वहीं अन्य सभी संस्थान प्रबंधकों को भी इस बारे में निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि जिले में कुल 16 आईटीआई संस्थान हैं। जिनमें से छह सरकारी और 10 निजी आईटीआई हैं। वर्कशॉप रोड स्थित जिले की सबसे पुरानी और बड़ी आईटीआई में सबसे ज्यादा सीट हैं और हर विद्यार्थी की पहली पसंद भी यही आईटीआई है।
ये दस्तावेज साथ लाए
प्राचार्य मनदीप सिंह ने बताया कि दाखिला के लिए ऑनलाइन पंजीकरण होगा। इसके लिए विद्यार्थी को अपने शैक्षणिक योग्यता का प्रमाण पत्र, फोटो युक्त पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, जातीय व रिहायशी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक की पास बुक की फोटो कॉपी, निजी मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी सहित फोटो अवश्य साथ लाए। प्रक्रिया इन दस्तावेजों के बिना नहीं हो पाएगी।