जगाधरी की श्यामसुंदर पुरी कालोनी में दो लोगों ने घर में दबा धन मिलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 25 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी घर में दबा धन निकालने के नाम पर 26 लाख रुपये और मांग रहे थ। इतनी बड़ी रकम देने असमर्थता जताने पर आरोपियों ने बात करनी बंद कर दी। इस पर पुलिस को शिकायत दी। थाना शहर जगाधरी पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्याम सुंदरपुरी कॉलोनी निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि उसकी जगाधरी में जूस की दुकान है। उसके पास 22 जुलाई को दो लोग आए थे। आरोपियों ने उसे लालच दिया कि उसके घर में धन दबा हुआ है। वह उनके बताए कार्य करें तो काफी धन मिलेगा। इस पर वह लालच में आ गया। आरोपियों ने उसके घर के अंदर एक गड्ढा खुदवाया और कहा कि गड्ढे की पूजा करनी है। आरोपियों ने कहा कि इस गड्ढे में एक घड़ा है। उसे बाहर नहीं निकालना है। इतना कहकर वह उसे और उसके परिवार के हाथों में धागे बांधकर चले गए।
अगले दिन आरोपी दो सांप लेकर आए। गड्ढे से आरोपियों ने एक घड़ा निकाला। उसमें से चांदी के चारसिक्के निकालकर प्रसाद के रूप में उसे व उसके परिवार के लोगों को दिए। दोनों ने सांप को धन के पहरेदार बताया और कहा कि इनकी भी पूजा करनी होगी। पूजा कलियर शरीफ में होगी। इसके बाद वह घड़ा लेकर कलियर शरीफ गए। वहां पर पूजा कराने के नाम पर खर्च कराया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के देवबंद में छह लाख रुपये लेकर बुलाया और कहा कि पूजा करानी पड़ेगी। पूजा व अन्य कार्यों में 26 लाख रुपये का खर्च आएगा। जब तक 26 लाख रुपये घड़े में नहीं डाले जाएंगे। तब तक धन बाहर नहीं आएगा। बकौल कुलदीप उसने इतना पैसा देने से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उससे बात करनी बंद कर दी। परेशान होकर उसने शिकायत पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुरेश का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है।