बुधवार से दिल्ली जाने वाले लोगों को राहत मिल जाएगी। कुंडली-सिंघु बॉर्डर से किसानों की घर वापसी के बाद नेशनल हाईवे-44 से बुधवार को आवागमन शुरू हो जाएगा। हालांकि फिलहाल यहां से छोटे वाहनों को ही गुजारा जाएगा। भारी व बड़े वाहनों को आवागमन मरम्मत का काम पूरा होने के बाद शुरू होगा। तब तक तक भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से ही गुजरा जाएगा। सोनीपत प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा है।
एनएच-44 पर स्थित आंदोलन स्थल पर प्रदर्शनकारियों के टेंट व झोपड़ी के कारण बने गड्ढों को भरने का 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दिल्ली की सीमा में बैरिकेड वाले स्थानों पर कुछ काम बचा हुआ है, जिसे रात तक पूरा कर लिया जाएगा और सुबह से यातायात के लिए बॉर्डर को खोल दिया जाएगा।
प्रदर्शन के चलते दिल्ली पुलिस की ओर से बॉर्डर पर कंक्रीट के स्थायी बैरिकेड लगाए गए थे। प्रदर्शनकारियों के जाने के बाद रविवार से इसे हटाने का काम शुरू हुआ। मंगलवार दोपहर तक सभी बैरिकेड को हटाकर रोड साफ कर दिया गया, लेकिन स्थायी बैरिकेड के कारण रोड का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसकी मरम्मत की जा रही है। बार्डर से फिलहाल वाहनों का आवागमन रोकने के लिए अस्थायी लोहे के बैरिकेड लगाए गए हैं।
दिल्ली की ओर जाने वाले या उधर से आने वाले वाहन चालकों को अब ज्यादा घूम कर नहीं आना पड़ रहा है। सोमवार शाम से ही अधिकतर वाहन चालक नरेला में छोटे रास्तों से होते हुए कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास ही वापस एनएच-44 पर पहुंच रहे हैं। नरेला और कुंडली के क्षेत्र में काफी रिहायश है, ऐसे में गलियों से वाहन चालकों को आसानी से रास्ता मिल रहा है। अधिकतर वाहन चालक कुंडली थाना के सामने से जीटी रोड पर आकर पानीपत की ओर जा रहे हैं। वहीं, दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक भी अधिकतर इसी तरह से नरेला होते हुए दिल्ली में एंट्री ले रहे हैं।
कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर ज्यादातर काम पूरा हो चुका है। बुधवार को वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया जाएगा। जाम से बचने के लिए पहले भारी वाहनों को यहां से गुजरने की इजाजत नहीं दी गई है। वह पहले की तरह वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे। जाम से बचाने के लिए यू-टर्न भी बंद किए जाएंगे। तेजी से काम जारी है। जिससे वाहन चालकों की परेशानी कम की जा सके। -ललित सिवाच, डीसी सोनीपत
दिल्ली पुलिस ने जहां कंक्रीट की दीवार बनाई थी, उस जगह पर रोड को थोड़ी मरम्मत की आवश्यकता है। इसके अलावा जीटी रोड को आवागमन के लिए तैयार कर दिया गया है। रात को इसे भी तैयार कर दिया जाएगा। बुधवार सुबह तक रोड पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। -आनंद दहिया, डीजीएम, एनएचएआई सोनीपत