सर्दी में धुंध के कारण लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को ट्रेन से आवागमन करने में परेशानी हो रही है। देरी से चल रहीं ट्रेनों के कारण अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हो रही हैं। इसके चलते रेलवे अधिकारियों ने लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है।
इसके तहत दिल्ली-अंबाला रेललाइन पर चलने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस एक मार्च तक व आम्रपाली एक्सप्रेस तीन मार्च तक रद्द रहेंगी। इससे बिहार व यूपी की ओर आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
रेलवे की ओर से हर वर्ष सर्दी में धुंध के दौरान ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए व्यापक कदम उठाए जाते हैं। इसके तहत लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को तीन माह तक रद्द कर दिया जाता है, क्योंकि धुंध के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चलती हैं।
यह भी पढ़ें ः भिवानी: तिरंगा रैली के साथ गांव में पहुंचा शहीद का पार्थिव शरीर, गमगीन माहौल में किया गया अंतिम संस्कार
यही नहीं ये ट्रेनें कम दूरी की ट्रेनों को भी प्रभावित करती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। धुंध के बीच कम दूरी पर चलने वाली ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए इस बार भी रेलवे ने दिल्ली-अंबाला रेललाइन पर चलने वाली दो ट्रेनों को रद्द किया है।
रेलवे की ओर से धुंध की वजह से अमृतसर से कटिहार जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस (15708) को 3 मार्च तक रद्द कर दिया गया है। वहीं कटिहार से अमृतसर जाने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस (15707) को 28 फरवरी तक रद्द किया गया है। इसके अलावा प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस (14217) को एक मार्च तक रद्द किया गया है। चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस (14218) को 28 फरवरी तक रद्द किया गया है। इससे कटिहार व इलाहाबाद की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
लंबी दूरी पर चलने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस को एक मार्च तक और आम्रपाली एक्सप्रेस को तीन मार्च तक रद्द कर दिया गया है। धुंध के बीच अन्य ट्रेनों को समय पर चलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। - दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे