सोनीपत। कोरोना के केस में लगातार कमी आ रही है। दो दिन बाद तीन कोरोना संक्रमित मिले हैं। रविवार को पार्कर रेजीडेंसी का 38 वर्षीय दंपती व गांव आहुलाना का 36 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। साथ ही कोरोना से पांच मरीज ठीक होने के साथ सक्रिय केस की संख्या घटकर पांच रह गई। आरटीपीसीआर की संक्रमण दर 0.51 फीसदी रही।
सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने बताया कि रविवार को जिले में 313 आरटीपीसीआर टेस्ट किए गए। रेपिड एंटीजन टेस्ट एक भी नहीं किया गया है। वहीं आरटीपीसीआर की पुरानी 594 रिपोर्ट भी रविवार को प्राप्त की गई है। इसमें से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इस टेस्ट की संक्रमण दर 0.51 फीसदी रही। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क लगाने की अपील की है। साथ ही कहा कि अगर किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, जुकाम है तो वह स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं।