बजाना खुर्द गांव में खड़ी रोडवेज बस
- फोटो : Sonipat
हरियाणा परिवहन विभाग की तरफ से तेवड़ी से गोहाना रूट पर रोडवेज बस का संचालन किया जा रहा है। निर्धारित रूट के बावजूद रोडवेज कर्मचारी लापरवाही बरतते हुए तेवड़ी से चार किलोमीटर पहले गांव बजाना खुर्द से गोहाना तक बस चला रहे थे। इससे सुबह गांव तेवड़ी की छात्राओं को महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां में जाने के लिए परेशानी हो रही थी। जांच में बस बजाना खुर्द में खड़ी मिलने के बाद जीएम ने चालक-परिचालक को निलंबित कर दिया है।
गांव तेवड़ी से वाया खानपुर कलां होकर गोहाना रूट पर रोडवेज बस का संचालन किया जा रहा था। रोडवेज अधिकारियों ने बस का रात्रि ठहराव गांव तेवड़ी में कर रखा है। इस रूट की बस पर चालक नरेंद्र व परिचालक वजीर की ड्यूटी थी। दोनों कर्मचारी लापरवाही बरतते हुए बस को शाम के समय गांव तेवड़ी की बजाय बजाना खुर्द में खड़ा कर देते थे। इसके बाद सुबह के समय दोनों कर्मचारी गांव बजाना खुर्द से रोडवेज बस लेकर तेवड़ी जाने की बजाय सीधे खानपुर कलां होते हुए गोहाना चले जाते थे। ऐसे में सुबह के समय गांव तेवड़ी से महिला विश्वविद्यालय में जाने वाली छात्राओं को बस की सुविधा नहीं मिलने के कारण परेशानी हो रही थी। इस संबंध में तेवड़ी गांव के सरपंच जोगेंद्र ने जीएम राहुल जैन को शिकायत दी थी। इसके बाद जीएम ने मामले की जांच कराई तो निर्धारित गांव में बस का रात्रि ठहराव नहीं मिला। इस पर चालक नरेंद्र व परिचालक वजीर को जीएम ने निलंबित कर दिया है।
वर्जन
गांव तेवड़ी की जगह बजाना खुर्द में रोडवेज बस का रात्रि ठहराव किया जा रहा था। सुबह के समय महिला विश्वविद्यालय में जाने के लिए छात्राओं को परेशानी हो रही थी। सरपंच की शिकायत मिलने के बाद जांच कराई, जिसमें लापरवाही मिलने के बाद चालक-परिचालक को निलंबित कर दिया गया है।
- राहुल जैन, जीएम रोडवेज सोनीपत