गन्नौर। गांव बेगा निवासी व्यक्ति की बंधक बनाकर पिटाई कर दी गई। पीड़ित का आरोप है कि उसने एक व्यक्ति से उधार दिए रुपये वापस मांगे थे, लेकिन उसने रुपये देने की बजाय साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की। उसकी शिकायत पर गन्नौर थाना पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बेगा निवासी लीला ने बताया कि उसने गांव के ही कृष्ण को 60 हजार रुपये उधार दिए थे। दो महीने बाद जब उसने कृष्ण से रुपये मांगे तो उसने रुपये लौटाने से मना कर दिया। लीला ने बताया कि 10 अगस्त को वह घर जा रहा था तो रास्ते में गांव के ही विनोद ने अपनी पिकअप गाड़ी उसके सामने अड़ा दी। गाड़ी में से कृष्ण, राजकंवार, रामधारी, मामन, विनोद, सुलेंद्र, धर्मबीर व मोहित उतरे और उसे जबरदस्ती विनोद के खेत में ले गए और उसकी सरियों व डंडो से पिटाई की। आरोप है कि आरोपियों ने उसे कई घंटो तक खेत में बंधक बनाकर रखा और बाद में उसे बेहोशी हालत में गांव के बाहर खाली प्लॉट में फेंक कर फरार हो गए। अगली सुबह उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
लीला का कहना है कि कृष्ण से रुपये मांगने पर ही उसने अपने साथियों के साथ मिल कर उसकी पिटाई की। लीला ने हमलावरों से अपने व परिवार की जान की रक्षा करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।