सोनीपत। डीसी ललित सिवाच ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत लगाए जा रहे मेलों में लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ के बारे में तुरंत पोर्टल पर अपडेट करें। सीएम मनोहर लाल स्वयं लाभार्थियों को उपलब्ध करवाए जा रहे योजनाओं के लाभ की निगरानी कर रहे हैं। इस मामले में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी ललित सिवाच शुक्रवार को कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत चिन्ह्ति लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिए अधिकारियों संग समीक्षा कर रहे थे। डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत चिन्ह्ति किए गए जरूरतमंद परिवारों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से मेले लगाए जा रहे हैं। अधिकारी सुनिश्चित करें कि वह अंत्योदय मेलों में आने वाले लाभार्थियों के आवेदनों पर तुरंत निर्णय लें व आवेदनों को अपने स्तर पर लंबित न रखें। उन्होंने परिवार पहचान पत्र के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की पहचान एवं सभी परिवारों का डाटा एकत्रित करने के लिए परिवार पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। इस दौरान एडीसी अशोक बंसल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमरदीप सिंह, नगराधीश डॉ. अनमोल, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव मानव मलिक, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुभाष चंद्र व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।