सोनीपत के ओल्ड डीसी रोड पर भगत अस्पताल के पास स्थित चॉकलेट की दुकान में घुसकर दो हथियारबंद बदमाश दुकानदार भाईयों पर पिस्तौल तान कर 40 हजार रुपये व लैपटॉप लूट ले गए। बदमाशों ने विरोध करने पर हमला भी किया। बाद में दुकानदार भाईयों को अंदर बंद कर भाग गए। दुकानदार भाईयों ने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा खुलवाया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दुकान के अंदर की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लूट का विरोध किया तो मारपीट कर दी धमकी
मॉडल टाउन निवासी अनुज कुमार ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि वह ओल्ड डीसी रोड पर भगत अस्पताल के पास सुमन इंटरप्राइजेज के नाम से चॉकलेट की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात को वह तथा उनके भाई आयुष दुकान पर मौजूद थे। उन्होंने दुकान का शटर बंद कर दिया और छोटे गेट को खोलकर बाहर आने की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने अपना लैपटॉप व दुकान के 40 हजार रुपये निकालकर अपने बैग में रख लिए थे।
दोनों भाईयों को दुकान के अंदर बंद कर भाग गए बदमाश
इसी दौरान दुकान के छोटे दरवाजे से दो युवक हाथों में पिस्तौल लेकर अंदर घुस आए। उन्होंने आते ही दोनों भाईयों पर पिस्तौल तान दी। उनके से एक युवक हेलमेट लगाए था और दूसरे ने सिर पर टोपी और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। उन्होंने रुपयों व लैपटॉप से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया और कुर्सी उठाकर फेंकी तो युवक ने उसे पकड़ लिया।
एक बदमाश ने लगा रखा था हेलमेट, दूसरे के चेहरे पर था मास्क व सिर पर टोपी
उसके बाद उन्होंने पिस्तौल के बल पर हमला किया। वह उनसे बैग लूटकर छोटे दरवाजे से बाहर बाहर गए। उन्होंने दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। उन्होंने दुकान के शटर को बजाकर लोगों से मांगी मांगी। जिसके बाद दरवाजा खुलवाया और पुलिस को अवगत कराया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम बदमाशों का पता लगा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
दुकान के अंदर हुई लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें बदमाश अंदर आते हुए और पिस्तौल तान कर वारदात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि एक के चेहरे पर हेलमेट व दूसरे चेहरे पर मास्क व सिर पर टोपी होने के चलते उनके चेहरा नजर नहीं आ रहा है। पुलिस उनके बारे में पता लगा रही है।