खरखौदा के वार्ड नंबर सात में पहुंचे बिजली कर्मियों का घेराव करते लोग
- फोटो : Sonipat
खरखौदा। शहर के वार्ड नंबर-7 के लोगों ने बुधवार को बिजली कर्मचारियों का घेराव कर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली निगम की तरफ से उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। वोल्टेज कम व ज्यादा आने के कारण कई बार उनके घरों में रखे बिजली उपकरण तक जल चुके हैं। बिजली कर्मी रात को गुल हुई बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने पहुंचे तो लोगों ने कर्मचारियों का घेराव किया और बाइक की चाबियां निकाल ली।
थाना कलां से दिल्ली मार्ग पर जाने वाली गली में बिजली आपूर्ति में आ रही दिक्कत को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रात को गुल हुई बिजली आपूर्ति बहाल करने पहुंचे बिजली कर्मियों से लोगों ने सवाल-जवाब करने शुरू कर दिए। लोगों ने आरोप लगाए कि शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। मंगलवार रात को बिजली नहीं आने ने उन्हें रातभर जागकर काटनी पड़ी।
सूचना पाकर मौके पर जेई सुनील कुमार ने लोगों को शांत किया। उनका कहना है कि बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है, साथ ही गली की लाइन व ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलने पर सामान की उपलब्धता होते ही समस्या का स्थायी हल कर दिया जाएगा। फिलहाल मरम्मत का सामान न होने से यह परेशानी आ रही है।