बाईपास पर रोहतक व खांडा मार्ग के बीच खेत के कमरे में शराब पीने के बाद हुई कहासुनी में अपने साथी कुलदीप की ईंट मारकर हत्या करने के आरोपी अहसान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वीरवार सुबह खेत में बने कमरे के बरामदे में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। जिसकी पहचान जींद के लखमीर वाला गांव निवासी कुलदीप के रूप में हुई थी। कुलदीप सिसाना निवासी विजय कुमार के पास खरखौदा स्थित खेतों में काम किया करता था और खरखौदा निवासी अहसान भी कभी-कभार इन खेतों में काम करने के लिए आता था। कुलदीप व अहसान एक दूसरे के परिचित थे और एक साथ शराब भी पीते थे। बुधवार की रात को भी दोनों ने एक साथ शराब पी थी। इस दौरान दोनों में कहासुनी हो गई थी, जिसमें आरोपी ने ईंट से कुलदीप पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। वह उसका मोबाइल लेकर भाग गया था। पुलिस ने विजय के बयान पर मुकदमा दर्ज कर अहसान को गिरफ्तार करने के साथ कुलदीप का मोबाइल बरामद कर लिया है।