सिरसा। रानियां के वार्ड 11 निवासी एक व्यक्ति ने नगर योजनाकार विभाग को अवैध रूप से कॉलोनी काटे जाने की शिकायत दी है। जिस पर विभाग ने संज्ञान लेते हुए अवैध निर्माण हटाने के आदेश दिए हैं। वहीं शिकायतकर्ता को फाइनेंसर की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। जिस पर पीड़ित ने इस बारे में पुलिस को मामले की शिकायत दी है।
शिकायत में विशाल कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में प्रॉपर्टी डीलरों व फाइनेंसरों की ओर से अवैध कॉलोनियां काटी जा रही थी। जिसकी उसने नगर योजनाकार विभाग को कुछ समय पूर्व शिकायत की थी। उसने बताया कि नगर योजनाकार विभाग ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए करीब 17 एकड़ में बने अवैध निर्माण को तोड़ने के आदेश दिए। विशाल ने बताया कि वह किसी काम से एक फाइनेंस कंपनी की ब्रांच में गया था। तभी वहां उसे धीरा जज नाम का व्यक्ति मिला। उक्त शख्स ने उसे जान से मारने की धमकी दी। व्यक्ति ने कहा कि तुमने हमारा बड़ा नुकसान कर दिया है, वे उसे छोड़ेंगे नहीं। इस पर विशाल ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल की। जिस पर पुलिस की गाड़ी उसे रानियां थाने में छोड़ आई। इसके बाद उसने पुलिस को अपने बयान दर्ज करवाए। विशाल ने इस बारे में एसपी व डीजीपी को भी इस संबंध में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।