सिरसा। शहरी क्षेत्र में चोरी, छीना झपटी की वारदातें नहीं रुक पा रही हैं। एक माह के दौरान बाइक चोरी, घरों, दुकानों में चोरी और छीना झपटी की दर्जन भर से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन न तो घटनाओं पर अंकुश लग पा रहा था और न ही चोर पकड़े जा रहे हैं। ऐसे में अब शहर पुलिस ने सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई योजना तैयार की है। इसके तहत जहां एक ओर पीसीआर और पैदल गश्त बढ़ाने का फैसला लिया है वहीं दूसरी ओर अन्य भी प्रबंध किए जाएंगे। इस संबंध में शहर थाना प्रभारी एसपी से मिलकर प्लान बताएंगे और मंजूरी मिलने के बाद उस पर काम शुरू होगा।
दिन के समय हालांकि शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस ओर होमगार्ड हैं, लेकिन रात्रि के समय शहर रामभरोसे रहता है। शहर थाना के पास इस समय केवल एक पीसीआर है। बाइक राइडर एक भी नहीं है। इसलिए रात्रि गश्त के लिए समस्या होती है। संभवत: इसी कारण रात्रि के समय चोरियां और बाइक चोरी की घटनाएं हो रही है। लेकिन अब इस पर अंकुश लगाने के लिए शहर थाना प्रभारी बनवारी लाल ने नए सिरे से योजना बनाई है। रात्रि गश्त के लिए सिटी थाना की एक पीसीआर के साथ-साथ डायल-112 की दो पीसीआर भी गश्त करेंगी। पैदल गश्त के लिए भी चार टीमें गठित की गई हैं। इतना ही नहीं सभी चौकी के प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने एरिया में गश्त बढ़ा दें और चौकसी रखें। शहर थाना पुलिस रोड़ी बाजार, सदर बाजार, हिसारिया बाजार, भादरा बाजार, सूरतगढ़िया बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, आर्य समाज रोड, बेगू रोड, पटेल बस्ती वाले एरिया में नजर रखेगी। इसके अलावा सब्जी मंडी चौकी, जेजे कॉलोनी चौकी सहित अन्य चौकी अपने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाएंगे।
बाइक चोरी की घटनाएं
1. सांगवान चौक के पास बाइक चोरी हो गई। पुलिस को शिकायत देकर राजपुताना मोहल्ला निवासी पुलकित ने मामला दर्ज करवाया।
2. गांधी कॉलोनी निवासी दीपक कुमार की 1 जनवरी को बाइक मंडी क्षेत्र से चोर ले गए।
3. रिलायंस पेट्रोल पंप के नजदीक पुल के नीचे गांव सुखचैन निवासी जीत सिंह की बाइक 3 जनवरी को चोरी हो गई।
4. पब्लिक हेल्थ विभाग में कार्यरत ओमप्रकाश की स्कूटी 7 जनवरी को चोरी हो गई।
5. चतरगढ़पट्टी निवासी जसवंत कुमार की 7 जनवरी को बाइक चोरी हो गई।
6. 16 जनवरी को फुटेला गेस्ट हाऊस वाली गली में कृष्णलाल की बाइक चोरी हो गई।
7. गांव पनिहारी निवासी लवप्रीत सिंह की 29 जनवरी को सुरखाब चौक के निकट रेस्टोरेंट के बाहर से बाइक चोरी हो गई
8. गांव पन्नीवाली मोटा निवासी अजय की बाइक 29 जनवरी को की रात्रि को सुरखाब चौक के सामने फ्लैट से चोरी हो गई।
ये हैं चोरी की वारदात
1. रेलवे फाटक के पास चोरों ने बाइक रिपेयरिंग की दुकान में छत के रास्ते से घुसकर उसमें रखा हजारों रूपए का सामान चोरी कर लिया। प्रेमनगर निवासी लखविन्द्र सिंह ने बताया कि 16 जनवरी को रात्रि को किसी समय अज्ञात चोर उसकी दुकान में छत के रास्ते से घुसे तथा दुकान में रखी 5 हजार रूपए की नकदी, मोबाइल टेब, मोटरसाइकिल टेस्टिंग डिवाइस व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
2. बाजार में अपने पति के साथ खरीददारी करने आई एक महिला के थैले को काटकर नकदी भरा पर्स चोरी हो गया। खन्ना कॉलोनी निवासी शालू सचदेवा 30 जनवरी को अपने पति के साथ बाजार में खरीददारी करने आई थी। फैशन कैंप वाली गली में भीड़ का फायदा उठा किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
3. लालबती चौक के पास स्थित सांझ कार मॉल में सेंधमारी कर चोरों ने वहां से 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। भगत सिंह कॉलोनी निवासी अमनप्रीत सिंह की दुकान से 18 जनवरी को चोरी हुई।
बंद पड़े सरकारी स्कूल चोरों की निशाने पर
कोरोना महामारी के चलते राज्य सरकार ने स्कूलों को बंद कर दिया। परंतु इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी की नहीं लगाई गई, जिसके चलते चोरों ने इन स्कूलों को अपना निशाना बना लिया। राजकीय प्राथमिक पाठशाला रणजीतपुरा थेड़ी में चोरों ने 11-12 जनवरी रात को दो गैस सिलिंडर व भट्टी तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। इसी प्रकार रामनगरिया के राजकीय प्राथमिक पाठशाला से 18 जनवरी को दो सिलिंग फेन व हजारों रुपये का कबाड़ चोरी हो गया।
चोरी की घटनाएं रोकने के लिए बनाया है प्लान : बनवारी लाल
चोरी रोकने के लिए योजना बनाई गई है। इस पर हम एसपी से मिलकर चर्चा की जाएगी। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इेस लागू किया जाएगा। वैसे शहर में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है और सभी चौकी प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
-बनवारी लाल, शहर थाना प्रभारी, सिरसा।