रामनगरिया में अवैध कॉलोनी से कब्जा हटवाते अधिकारी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। रानियां रोड स्थित रामनगरिया के पास काटी गई आठ एकड़ में अवैध कॉलोनी को जिला नगर योजनाकार ने जेसीबी चलवाकर नष्ट करवा दिया। अवैध निर्माण करने को लेकर विभाग की ओर से पहले दो शो काज नोटिस और संबंधित लोगों पर एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है लेकिन इसके बाद भी उक्त लोगों द्वारा निर्माण कार्य को बंद नहीं किया गया।
मंगलवार को जिला नगर योजनाकार राजकीर्ति अपनी टीम के साथ रामनगरिया गांव में पहुंची और कॉलोनी में मकान बनाने के लिए निकाली गई आठ नींव और चार कच्ची सड़कों को जेसीबी से हटवाया गया। आठ एकड़ जमीन वनीता, राजेंद्र और मानसिंह के नाम पर खरीदी गई थी और इसके बाद यहां पर कॉलोनी काट दी गई। जोकि पूरी तरह से अवैध है। जिसके बाद विभाग की ओर से संबंधित मालिकों को दो नोटिस भी जारी किए गए थे और निर्माण कार्य बंद करवाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इसके बाद भी लोगों ने कार्य बंद नहीं किया जिसके बाद अधिकारियों की ओर से मामले की शिकायत पुलिस को दी गई और पुलिस ने अवैध निर्माण का मामला दर्ज कर दिया।
प्लाट खरीदने से पहले कॉलोनी के वैध या अवैध की ले जानकारी: डीटीपी
डीटीपी राजकीर्ति ने कहा कि मकान बनाने से पहले और प्लॉट खरीदने से पहले लोग संबंधित विभाग में पहुंचकर कॉलोनी के वैध और अवैध होने की जानकारी लें। लोगों से रुपये ठगने के लिए कई प्रॉपटी डीलरों द्वारा किसानों से जमीन खरीद प्लॉट काटे गए और लोगों को लालच देकर वह प्लॉट बेच देते है। कॉलोनी को हटाने के बाद ही लोगों को कॉलोनी संबंधित जानकारी मिल पाती है।