सिरसा। जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल व ऐलनाबाद पुलिस टीम ने गश्त के दौरान डिंग व शहर सिरसा क्षेत्र से कार सवार पांच लोगों को 48 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल, ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि टीम सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में गश्त व चेकिंग पर थी। टीम इस दौरान सिरसा शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस टीम को फतेहाबाद की तरफ से क्रूजर गाड़ी आते हुए दिखाई दी। गाड़ी सवार युवक ने पुलिस को सामने देखकर प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी सवार युवकों को काबू कर तलाशी ली तो उनके पास से 33 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों की पहचान गुरमनदीप निवासी कालांवाली व रोहन कुमार निवासी करमपुरा, पंजाब के जिला अमृतसर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ शहर के सिविल लाइन थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डिंग रोड क्षेत्र से पकड़ी 15 ग्राम हेरोइन
एंटी नारकोटिक सेल ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में डिंग रोड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कार सवार तीन युवक हेरोइन लेकर आ रहे हैं। इस पर टीम ने डिंग रोड पर कार सवार युवकों को काबू कर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान सलाउद्दीन निवासी गांव भिरड़ाना, गुरजिंदर सिंह उर्फ बग्गी व गुरदेव सिंह निवासी कात्ता खेड़ी जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। पकड़े गए युवकों के खिलाफ डिंग थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।