हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा के किसान नेता जगबीर घसौला ने कहा कि ऐलनाबाद चुनाव की घोषणा के बाद से ही अपना प्रतिनिधि उतारने की बात की थी। लेकिन आज तक फैसला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि अगर 6 अक्तूबर को 12 बजे तक संयुक्त किसान मोर्चा अगर कोई किसान प्रतिनिधि की घोषणा करता है तो हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा उसका समर्थन करेगा अन्यथा इसके बाद अपना प्रतिनिधि घोषित करेगा। इसलिए बैठक होगी और इसमें प्रदेश के लगभग 25 किसान नेता भाग लेंगे।
यह बोले स्थानीय किसान नेता
किसान नेता विकल पचार ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा को ऐलनाबाद से एक किसान प्रतिनिधि को चुनाव में उतारना चाहिए था। क्योंकि जब तक कानून बनाने के काबिल किसान के प्रतिनिधि नहीं होंगे तब तक हम किसानों के ऊपर काॅरपोरेट घरानों के हितैषी नेताओं द्वारा थोपे गए कानूनों का विरोध रोड पर बैठकर ही करते रहेंगे।
किसान नेता प्रदीप धनखड़ ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा बार-बार कभी उत्तर प्रदेश मिशन तो कभी पंजाब मिशन की बात उठाई जाती है लेकिन ऐलनाबाद के अंदर जैसे ही चुनाव की घोषणा होती है तो पूरे संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के मुंह के ऊपर ताला लग जाता है। इसी कारण हरियाणा संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं को आगे आकर ऐलनाबाद चुनाव के अंदर किसान प्रतिनिधि उतारना पड़ रहा है।