सिरसा। ऐलनाबाद उपचुनाव का प्रचार जोर पकड़ते ही ग्रामीणों और किसानों का भी विरोध जोर पकड़ गया है। भाजपा-जजपा प्रत्याशी को गांव में जाने से रोकने के लिए ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। वीरवार को जहां एक ओर गांव ममेरां में भाजपा प्रत्याशी गोबिंद कांडा के प्रवेश को रोकने के लिए ग्रामीणों और किसानों ने रास्ता रोक दिया। वहीं दूसरी ओर विधायक गोपाल कांडा के गांव जमाल में जाने से पहले ही विरोध शुरू हो गया। यहां ग्रामीण आपस में ही टकरा गए और बहस हो गई। दोनों गांवों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने धरनारत लोगों को जबरन उठाकर रास्ता खुलवाया।
हुआ यूं कि भाजपा प्रत्याशी गोबिंद कांडा को गांव ममेरां से होकर गुजरना था। लेकिन उनके आने से पहले ही ग्रामीणों और किसानों ने रास्ता जाम कर दिया। ग्रामीण रास्ते में धरना देकर बैठ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अर्द्धसैनिक बल के जवानों को भी भेजा गया। पुलिस के समझाने के बावजूद ग्रामीण रास्ते से नहीं हटे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यहां किसी भी ग्रामीण ने प्रोग्राम नहीं रखा है फिर भी उक्त लोग आ रहे हैं। इस पर पुलिस कर्मचारियों ने कहा कि दौरा किसी भी गांव में हो सकता है, आप हट जाओ। लेकिन प्रदर्शनकारी जिद्द पर अड़ गए। इतनी देर में काफिला आ गया। इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने रास्ता रोककर बैठे लोगों को जबरन उठा दिया और एक ओर कर दिया। साथ ही उन्होंने काफिले को गांव में जाने के लिए रास्ता दिलवाया। इस पर विवाद बढ़ गया और नारेबाजी करने लगे।
कहां-कहां हुआ विरोध प्रदर्शन
वीरवार को विधायक गोपाल कांडा का गांव रूपावास, रायपुरिया, बरासरी, जमाल और ढूकड़ा में विरोध हुआ। इन सभी गांवों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी गोबिंद कांडा का भी एक जगह ममेरा में विरोध हुआ है।
ट्रॉली लगाकर रास्ता रोका, बस चालक ने किया विरोध तो पुलिस ने खुलवाया रास्ता
गांव ममेरां में ग्रामीणों ने ट्राली अड़ाकर गांव की ओर जाने वाला रास्ता रोक दिया। पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने। इसी दौरान स्कूली विद्यार्थियों को लेकर बस आ गई। इस पर भी प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खोलने से इंकार कर दिया तो बस चालक ने प्रदर्शनकारियों को खरी-खरी सुनाई। बस चालक ने कहा कि बच्चों की बस रोक कर क्या साबित करना चाहते हो। इस पर पुलिस ने भी दबाव बनाया और ट्रॉली को हटवाया। रास्ता खुलने पर बस को रवाना किया गया।
जमाल में विधायक के आने से पहले विरोध, आपस में उलझे ग्रामीण
गांव जमाल में भी विधायक गोपाल कांडा को आना का कार्यक्रम था। विरोध को लेकर यहां भी ग्रामीण और किसान एकत्र हो गए और काले झंडे लेकर प्रदर्शन करने लगे। लेकिन उनके गांव में आने या रोकने को लेकर ग्रामीण दो गुटों मे बंट गए। सरपंच ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के विरोध के तरीके पर एतराज जताया और कहा कि कोई भी वोट मांगने आ सकता है, आपकी मर्जी है वोट दो या नहीं। साथ ही सरपंच नंदलाल बैनीवाल ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन करने वाले इनेलो और कांग्रेस के लोग हैं और राजनीति कर रहे हैं। इस दौरान कई देर तक प्रदर्शनकारियों और अन्य ग्रामीणों में बहस हुई। यहां भी भारी पुलिस बल को तैनात किया गया।
भरत सिंह बैनीवाल बोले : समर्थक नाराज हैं लेकिन कांग्रेस का करेंगे समर्थन
टिकट कटने से नाराज पूर्व विधायत भरत सिंह बैनीवाल ने वीरवार को समर्थकों के साथ बैठक की। इस दौरान चर्चा की कि आगे क्या किया जाए। बैठक के बाद बैनीवाल ने बताया कि समर्थकों का कहना है कि कांग्रेस में रहकर सेवा करते रहेंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि वे हाईकमान के साथ प्रचार में जाएंगे। उन्होंने कहा कि बेशक, समर्थक नाराज हैं लेकिन उनको मनाएंगे और काम करेंगे।