रोहतक। एक तरफ किसान नेता राकेश टिकैत व गुरनाम चढूनी मंगलवार को खरावड़ में किसान सम्मान समारोह में पहुंच रहे हैं, दूसरी तरफ मकड़ौली व मदीना टोल मंगलवार शाम या बुधवार सुबह चालू हो सकते हैं। टोल पर 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
तीन कृषि कानून रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली के बार्डर पर किसान आंदोलन चल रहा था, जो कानून रद्द होने के साथ स्थगित हो गया है। जिले के गांव खरावड़ में जहां पूरे आंदोलन के दौरान लंगर चला, वहीं मकड़ौली व मदीना टोल बंद करवाकर किसानों ने धरना दिया। मलिक-गठवाला खाप किसान लंगर सेवा समिति की तरफ से खरावड़ गांव में आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा। लंगर सेवा समिति के सदस्य मुकेश मलिक ने बताया कि कार्यक्रम दोपहर 12 बजे बाबा टहलनाथ पीड़ित गोशाला के नजदीक रागिनियों के साथ शुरू होगा। साथ ही लंगर भी चलेगा। कलाकार दादरी से नरेंद्र तोय, सोनीपत से विकास मलिक व हिसार से रेणू श्योराण शिरकत करेंगी। जबकि नेताओं में राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, जगदीश सिंह दल्लेवाल, अभिमन्यु कोहाड़, युद्धवीर सिंह सहारावत, विकास सीसर, रवि आजाद, डंपी पहलवान, बल्लू नांदल के अलावा दादरी से विधायक सोमबीर सांगवान, महम से विधायक बलराज कुंडू व अभय चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में किसान नेताओं के अलावा दूसरे किसानों को भी सम्मानित किया जाएगा।
...........
पांच से 10 रुपये बढ़ सकता है टोल
एक साल से जिले के रोहतक-पानीपत मार्ग पर स्थित मकड़ौली व रोहतक-हिसार मार्ग पर स्थित मदीना टोल किसान आंदोलन के चलते बंद है। इससे सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अब आंदोलन स्थगित होने से दोबारा टोल चालू होंगे। डीघल टोल रविवार की रात चालू कर दिया गया, जबकि मकड़ौली व मदीना टोल पर दो दिन से सफाई का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि पहले से महंगा मकड़ौली टोल 5 से 10 रुपये और महंगा हो गया है।
..........
ये हैं मकड़ौली टोल का नया शुल्क
वाहन एक तरफ 24 घंटे में आना-जाना मासिक
कार/जीप 140 210 4640
एलसीवी 210 320 7060
बस/ट्रक 425 640 14175
भारी वाहन 640 960 21345
..........
मासिक पास 50 से 275 रुपये तक बढ़े
वहीं, मासिक पास में वाहन की श्रेणी के हिसाब से 50 रुपये से लेकर 275 रुपये तक वृद्धि हुई है। ये दरें सितंबर 2021 में लागू होनी थी, लेकिन टोल प्लाजा पर किसानों का धरना शुरू होने से इन बढ़ी दरों का असर नहीं हो पाया। ऐसे में अब टोल खुलने के बाद सफर और महंगा हो जाएगा।