जिले में लूटपाट व झपटमारी की वारदात नहीं थम रही हैं। एक दिन पहले कलानौर में दिनदहाड़े हुई कार लूट की गुत्थी सुलझी भी नहीं थी कि मोखरा के पास कार सवार पेट्रोल पंप संचालक से 55 हजार रुपये लूटकर ले गए। साथ ही आंबेडकर चौक पर छुरी अड़ाकर पीजीआई से घर लौट रहे सैनीपुरा के युवक से स्कूटी छीन ली गई। सात घंटे के अंदर लूट की तीन वारदात से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है।
...
केस नंबर एक : स्कूटी पर लिफ्ट लेते ही अड़ा दी छुरी
पुलिस के मुताबिक, सैनीपुरा निवासी अरुण सैनी ने आर्य नगर थाने में दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:35 बजे पीजीआई से घर लौट रहा था। जब आंबेडकर चौक पर पहुंचा तो एक युवक ने इशारा करके लिफ्ट मांगी। उसने युवक को स्कूटी पर बैठा लिया। जब स्कूटी पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास पहुंची तो युवक ने कमर में छुरी अड़ा दी। बोला-स्कूटी रोक दो नहीं तो जान से जाओगे। उसने डर के मारे स्कूटी रोक दी। इसके बाद युवक स्कूटी लेकर गोहाना अड्डे की तरफ भाग गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के बयान दर्ज कर रात दो बजे अज्ञात युवक के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया।
...
केस नंबर दो : साइड दबाने का विरोध किया तो कार सवार युवकों ने पिस्तौल दिखा छीन लिया बैग
वहीं, मोखरा गांव निवासी संदीप कुमार ने बहुअकबरपुर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार रात करीब साढ़े 8 बजे अपने मित्र सुरेंद्र के साथ बाइक पर पेट्रोल पंप पर गया था। वहां से सेल्समैन मनीत से 55 हजार की नकदी बैग में डालकर घर के लिए चल पड़े। बाइक सुरेंद्र चला रहा था। रास्ते में पीछे से एक कार आई और चालक ने उनकी साइड दबा दी। जब उन्होंने कार सवार युवकों से बाइक रोककर साइड दबाने का कारण पूछा तो कार से दो युवक नीचे उतरे। उनके हाथों में पिस्तौल थीं। उन्होंने कहा कि पैसों का बैग दे दो, नहीं तो जान से मार देंगे। इसके बाद उसने बैग उनकी तरफ फेंक दिया, जिसमें 55 हजार की नकदी थी। आरोपी मौके से नकदी लेकर फरार हो गए। मामले की सूचना पाकर बहु अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ लूटपाट का केस दर्ज कर लिया।
कार छीनने वालों का नहीं लगा सुराग
शुक्रवार को दिनदहाड़े कलानौर में तीन युवक हथियारों के बल पर नेवी के रिटायर्ड अधिकारी भिवानी निवासी महासिंह से कार छीनकर ले गए थे, जिनका अब तक सुराग नहीं है। पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज भी लगी है, जिसके आधार पर सीआईए व कलानौर थाना पुलिस दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक भिवानी के विद्यानगर निवासी महासिंह ने शिकायत दी थी कि गुरुग्राम अपने रिश्तेदार के पास गया हुआ था। वापस आते समय कार विक्रम निवासी दादरी गेट चला रहा था। रास्ते में मौसी के लड़के से कलानौर में मिलने के लिए रुक गए। वह मौसी के लड़के डॉक्टर एसके आर्या के पास चाय पी रहा था। तभी ड्राइवर को पिस्तौल दिखाकर तीन युवक कार छीनकर ले गए। जांच में सीसीटीवी फुटेज के अंदर तीन युवक कार के पास दिखाई दिए। तीनों सफेद रंग का कपड़ा ओढ़े हुए थे, जिनका अब तक सुराग नहीं लग सका है।
........
ये वारदात भी बनी हैं चुनौती
अप्रैल में बाइक सवार दो युवक सेक्टर एक से दिनदहाड़े ढाई करोड़ रुपये लूटकर ले गए थे। डेढ़ माह बाद भी वारदात नहीं सुलझ सकी है। हालांकि पुलिस लुटेरों का सुराग मिलने का दावा कर रही है। जींद व करनाल पुलिस की भी मदद ली जा चुकी है। इसके बावजूद लुटेरे हाथ नहीं आ रहे हैं।
वहीं, काले रंग की स्कूटी पर सवार झपटमार लगातार वारदात अंजाम दे रहा है। जनवरी से अब तक अर्बन एस्टेट थाना एरिया में झपटमारी की छह वारदात हो चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द झपटमार हाथ आ जाएगा, लेकिन कामयाबी नहीं मिल रही है।
......
साढ़े चार माह में लूट और झपटमारी की वारदात
थाना क्षेत्र लूट झपटमारी
सिटी 3 5
सिविल लाइन 1 3
अर्बन एस्टेट 4 6
शिवाजी कॉलोनी 9 3
पीजीआईएमएस 0 2
पुरानी सब्जी मंडी 0 2
सदर थाना 1 0
कलानौर 2 1
सांपला 2 1
महम 1 1
लाखनमाजरा 1 1
आर्य नगर 2 1
आईएमटी 1 0
नोट : 2021 में पहले साढ़े 4 माह में लूट व झपटमारी की जिले में 73 वारदात हुईं, जबकि 2022 में इस अवधि में 53 वारदात हुई हैं।
वर्जन
पुलिस को सुराग लगा है कि कलानौर में कार छीनने वाले युवकों ने ही मोखरा के पास पेट्रोल पंप संचालक से 55 हजार रुपये छीने हैं। आरोपियों की शनाख्त हो गई है, जल्द पुलिस काबू कर लेगी जबकि आंबेडकर चौक पर स्कूटी छीनने के मामले में दर्ज लूट की एफआईआर रद्द होगी। गलतफहमी में युवक स्कूटी ले गया था। शिकायतकर्ता भी इस बात से सहमत हो गया है। दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बाकी ढाई करोड़ की लूट व झपटमारी की वारदात सुलझाने के लिए पुलिस ने पूरा जोर लगा रखा है। कामयाबी जरूर मिलेगी।
- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक