हरियाणा के रोहतक में उम्रकैद की सजा काट रहा बहुअकबरपुर का युवक 19 साल बाद गिरफ्तार किया है। वह 2002 में पैरोल पर आया था, लेकिन लौटा नहीं। एसटीएफ ने उसे गन्नौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम है।
एसटीएफ के इंस्पेक्टर हरेश कुमार ने बताया कि महानिरीक्षक सतीश बालन व पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में एसटीएफ की टीम उन अपराधियों की धर-पकड़ कर रही है, जो लंबे समय से फरार हैं। 1999 में बहुअकबरपुर गांव में धर्मबीर नाम के युवक की हत्या हुई थी, जिसमें सदर थाने में हत्या का केस दर्ज हुआ।
यह भी पढ़ें ः हरियाणा: 13 साल बाद भी बीरेंद्र सिंह को 'साल' रहा है हार का दर्द, ओपी चौटाला से महज 621 मतों से मिली थी हार
केस में आरोपी रणबीर उर्फ बिल्लू को उम्रकैद की सजा हुई थी। नवंबर 2002 में बिल्लू चार माह के पैरोल पर जेल से बाहर आया, लेकिन नहीं लौटा। जनवरी 2003 में सिविल लाइन थाने में बिल्लू के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इतना ही नहीं, 2006 में अदालत ने उसे पीओ घोषित कर दिया था।
वह परिवार सहित लंबे समय से सोनीपत के गन्नौर में रह रहा था। एटीएफ की टीम को पुख्ता सूचना मिली और उसे काबू कर लिया। अब मामले में आगे की कार्रवाई सिविल लाइन थाना पुलिस कर रही है।