छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का तीसरा आरोपी गांव रिठाल नरवाल निवासी रिंकू भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी ने हाल ही में आईटीआई की पढ़ाई पूरी की थी। पुलिस ने बुधवार को रिंकू को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। दो अन्य आरोपियों अमरजीत उर्फ नीटू और नवीन को एक दिन पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पानीपत पुलिस ने तीनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लेने की अर्जी रोहतक कोर्ट में लगाने के बजाए पानीपत कोर्ट में लगाई है। एसआई शमशेर सिंह ने बताया कि जल्द ही तीनों आरोपियों को पानीपत कोर्ट में पेश किया जाएगा, ताकि पानीपत पुलिस उनका प्रोडक्शन वारंट ले सके। फिलहाल तीनों आरोपियों को छात्रा को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। अब सामूहिक दुष्कर्म और अपहरण के मामले में पानीपत पुलिस आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी। आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और अपहरण का केस पानीपत पुलिस ने दर्ज कर रखा है।
यह है मामला
गौरतलब है कि जिले के एक गांव की 12वीं की छात्रा पानीपत में अपनी बुआ के घर गई थी। यहां से तीन आरोपियों अमरजीत उर्फ नीटू, नवीन और रिठाल नरवाल निवासी रिंकू ने छात्रा का 12 जून को अपहरण कर लिया था। खेत में ले जाकर आरोपियों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले में रोहतक पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज करके पानीपत पुलिस को भेज दी थी। वहीं, छात्रा ने लोक-लाज के चलते खुदकुशी कर ली थी। यह मामला सदर थाने में दर्ज किया गया है।