दीपावली के एक दिन पहले बुधवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने कस्बे में छापामार कार्रवाई की। मिलावटी खोया की तलाश में टीम ने दो दुकानों से सैंपल भरे। इस कार्रवाई से मिठाई बाजार में हड़कंप मच गया।
बुधवार को इंस्पेक्टर सुलतान सिंह के नेतृत्व में सीएम फ्लाइंग की टीम सांपला पहुंची। इसमें सब इंस्पेक्टर श्रीभगवान, सब इंस्पेक्टर जगत सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. हर्ष कुमारी भी शामिल रहे। इस टीम ने हलवाइयों की दुकानों ही नहीं, मकानों को भी खंगाला। कड़ी मशक्कत के बाद भी कुछ हाथ नहीं लगा। इसके बाद टीम रेलवे रोड पहुंची। यहां दो दुकानों से खोया के अलावा अन्य मिठाइयों के सैंपल भरे। यह कार्रवाई देख कुछ ही देर में मिठाई ही नहीं, पटाखा विक्रेता भी अपना सामान लेकर इधर-उधर भाग गए।
टीम की मानें तो कुछ लोग कई दिन पहले ही मिठाइयां बनाकर स्टोर कर लेते हैं। इन्हें दिवाली पर बेचा जाता है। पुरानी मिठाई खराब होने की वजह से सेहत खराब कर सकती है। इसलिए टीम ने यह कार्रवाई की है। एफएसओ का कहना है खाद्य सामग्री के सैंपल ले लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी। विक्रेता मिठाइयों में किसी तरह की मिलावट या गुणवत्ता प्रभावित न करें। शुद्धता व स्वच्छता का ध्यान रखें। इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।