बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने उसे बंधक बना लिया। साथ ही उसके साथ खूब मारपीट भी की। पीड़िता ने रविवार को किसी तरह पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे छुड़ाया। वहीं, पुलिस ने सदर थाने में माता-पिता समेत नौ लोगों के खिलाफ मारपीट, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है।
जिले के एक गांव निवासी पीड़िता ने दर्ज कराए केस में बताया है कि वह एक सरकारी विभाग में नौकरी करती है। मई में उसने अपनी मर्जी से आर्य समाज मंदिर में एक युवक से शादी कर ली थी। शादी का दोनों परिवार के लोग विरोध कर रहे हैं। फिलहाल वह गांव में ही रही है। रविवार सुबह माता-पिता व भाई आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि उसका गला भी दबाने का प्रयास किया गया। साथ ही उसे बंधक बना लिया। इस दौरान महिला ने किसी तरह मामले की सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को साथ लेकर सिविल अस्पताल में दाखिला कराया। साथ ही उसे सुरक्षा दी गई है। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला के माता-पिता सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला कर गांव में दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार हैं। ब्यूरो