हरियाणा राजस्थान बॉर्डर पर रात के समय मिट्टी डालते लोग।
- फोटो : Rewari
धारूहेड़ा। राजस्थान की ओर से आ रहे दूषित पानी से लोग परेशान हैं। सोमवार रात को लोग बॉर्डर पर मिट्टी डालकर पानी रोकने पहुंच गए। लोगों ने भिवाड़ी सीमा पर मिट्टी डालना शुरू किया तो उनकी राजस्थान पुलिस के साथ बहस भी हुई। इस दौरान राजस्थान पुलिस ने धारूहेड़ा नगर पालिका के एक पार्षद सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान पुलिस ने धारूहेड़ा के वार्ड नंबर-11 के पार्षद शीशपाल व एक अन्य व्यक्ति नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मंगलवार को तिजारा अदालत से दोनों को जमानत मिल गई। वहीं जिला प्रशासन ने मंगलवार को मॉल के निकट अवरुद्ध नाले को भी खुलवाया, ताकि पानी आगे निकल सके। बता दें कि सोमवार को ही रेवाड़ी से कांग्रेस विधायक के नेतृत्व में धारूहेड़ा के सेक्टर- 6 व चार के लोगों ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम व तहसीलदार को 15 दिनों से घरों में भरे पानी को दिखाने के लिए सड़क पर भरे पानी में घुमाया गया था।
दोबारा धारूहेड़ा में भिवाड़ी से पानी आने से बिगड़े हालात
दो दशकों से धारूहेड़ा में भिवाड़ी की ओर से आने वाले फैक्टरियों के पानी से लोग परेशान हैं। मामला सीएम तक भी पहुंच चुका है। अलवर प्रशासन की ओर से समाधान का आश्वास दिया जाता है, लेकिन हो नहीं पाया है। बता दें कि बारिश में हालात और ज्यादा बदतर हो जाते हैं। धारूहेड़ा के सेक्टर-छह व चार की कई कालोनियों की गलियों में पानी भरा हुआ है। पानी घरों के अंदर घुस रहा है। लोगों ने 27 जुलाई को प्रदर्शन कर पानी को बंद कर दिया था और जाम भी लगाया था। अधिकारियों के समझाने पर लोगों ने जाम खोला था। इसके बाद रविवार की रात को सेक्टर-छह थाने का घेराव भी किया था। सोमवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे जाम कर दिया था। दूषित पानी के कारण गांव महेश्वरी, गढी अलावपुर व मालपुरा की करीब 200 एकड़ से जमीन खराब हो चुकी है।