परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर खुशी जताते जैन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मंगलवार को दसवीं कक्षा का परिणाम जारी कर दिया। कोरोनाकाल में बिना परीक्षा दिए आए परिणाम के बाद कुछ विद्यार्थी जहां खुश दिखाई दिए, वहीं कुछ असंतुष्ट भी दिखे। जानकारी के अनुसार जिले में सीबीएसई से करीब 90 स्कूल संबद्ध हैं। जिनमें सात हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। जिले में निजी विद्यालयों के साथ दो केंद्रीय विद्यालय, एक जवाहर नवोदय, सैनिक स्कूल भी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध हैं। कोरोना महामारी के कारण दसवीं की परीक्षाएं नहीं होने के चलते दसवीं के परिणाम के लिए बोर्ड ने फार्मूला तैयार किया था। इसके अनुसार 100 में से 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन और 80 अंक यूनिट टेस्ट, मिड टर्म परीक्षा और प्री बोर्ड परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर दिए गए हैं। हालांकि, परीक्षा परिणाम से नाखुश विद्यार्थियों को परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए बोर्ड की ओर से जल्द आवेदन मांगे जाएंगे।
हरि सिंह पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी और अभिभाव असंतुष्ट
मंगलवार को दसवीं के परीक्षा के बाद शहर के हरि सिंह पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अनिल मुखीजा ने कहा कि अभिभावक व बच्चे संतुष्ट नहीं हैं। वह समझने के लिए तैयार नहीं हैं कि ये रिजल्ट सीबीएसई के दिशा निर्देशों के अनुसार पिछले वर्षों के परिणाम को संज्ञान में लेकर बनाया गया है। स्कूल चाहकर भी बच्चों को ज्यादा नंबर नहीं दे पाए। इसके अलावा 95 प्रतिशत से ज्यादा अंक देने पर तो स्कूलों को फटकार भी लगाई गई व रिजल्ट दोबारा तैयार करने को भी कहा गया। हर विद्यालय को उसके पिछले परिणाम के मुताबिक नंबर दे दिए गए थे। जिसके अनुसार ही स्कूल बच्चों को नंबर दे सकते थे। हालांकि जो विद्यार्थी संतुष्ट नहीं हैं 16 अगस्त से सीबीएसई द्वारा कराई जाने वाली परीक्षा में बैठ सकते हैं।