रेवाड़ी। सामाजिक सद्भाव मंच के पदाधिकारियों की मासिक बैठक सेक्टर तीन स्थित मंच के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आंदोलनकारियों की ओर से राष्ट्रीय राजमार्गों तथा रेलमार्गों को बाधित करने पर चिंता व्यक्त की गई। इसकी रोकथाम के लिए कानून बनाने को प्रधानमंत्री को पत्र लिखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। साथ ही यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा करने की मांग की गई।
मंच के अध्यक्ष डॉ. कंवर सिंह यादव ने बताया कि प्रजातंत्र में अपने अधिकारों की मांग या सुरक्षा के लिए सरकार के विरुद्ध नागरिकों को धरना प्रदर्शन की अनुमति है। लेकिन यह अनुमति अन्य नागरिकों के अधिकारों का हनन करने, यातायात को बाधित करने, औद्योगिक उत्पादन एवं व्यापार को क्षति पहुंचाने की बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। धरना प्रदर्शन की आड़ में यातायात को बाधित करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने का कानून बनाया जाए। इस अवसर पर डॉ. जोगेन्द्र सिंह यादव, डॉ दिनेश शास्त्री, गिरिजा शंकर चौधरी, सरपंच प्रवेश, अरुण गुप्ता, जगदीशचन्द्र यादव, सरपंच सतीश मुदगिल, मा. जयसिंह आदि उपस्थित रहे।