रेवाड़ी। जिले की पुलिस ने आईपीएल मैच में सट्टा लगाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुंबई इंडियंस और गुजराज सुपर जॉइंट्स की टीम के बीच चल रहे मुकाबले पर सट्टा लगा रहे थे। आरोपियों से 8 मोबाइल फोन, कैश और अन्य सामान बरामद किया गया है।
मॉडल टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के विजय नगर में राहुल नाम के शख्स के प्लॉट में बने एक कमरे में कुछ सट्टोरी आईपीएल मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त कमरे पर छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान तुर्कियावास निवासी दीपक, हांसाका निवासी रोहित, मीरपुर निवासी अनुभव, शहर के सराय बलभद्र निवासी श्रीकांत, कृष्णा नगर निवासी नीरज मुम्बई इंडियंस और गुजरात सुपर जॉइंटस की टीम के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे थे। सामने एलईडी पर मैच चल रहा था। आरोपियों के पास पैसे रखे हुए थे।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9800 रुपये कैश, 8 मोबाइल फोन, एलईडी व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मॉडल टाउन थाना में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।