जिले में बुधवार से स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 से 14 साल के आयु वर्ग वालों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। राहत की बात यह भी है कि वैक्सीनेशन महाअभियान में रेवाड़ी जिला कोरोनारोधी वैक्सीनेशन प्रक्रिया में 15 लाख के आंकड़े को पार कर गया है। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए वैक्सीन एक मजबूत सुरक्षा कवच है। जिले में कोरोना रोधी टीकाकरण सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक जिन लोगों ने कोविड टीकाकरण नहीं करवाया या जिनकी दूसरी डोज लगनी है। वह सभी अपना टीकाकरण नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर करवा सकते हैं।
60 प्लस आयुवर्ग के सभी लोग ले सकेंगे बूस्टर डोज
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब 60 प्लस आयुवर्ग वाले सभी बुजुर्गों को बूस्टर डोज लगाई जा सकेगी। पहले हेल्थ केयर वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर व 60 प्लस आयुवर्ग वाले लोग जो गंभीर बीमारी से ग्रसित थे उन्हें ही बूस्टर डोज लगाई जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीन लगवाने का आंकड़ा पहली व दूसरी डोज मिलाकर 15 लाख 267 हो चुका है। वहीं मंगलवार को 757 को कोरोना की डोज लगाई गई।
जिला हो चुका है कोरोना मुक्त
जिले में 12 मार्च से अब तक कोरोना का एक भी केस सामने नही आया है। यह लोगों के लिए राहत की बात है। पिछले चार दिनों से जिला कोरोना मुक्त है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 610870 के सैंपल लिए जा चुके है। वहीं अब तक 24589 कोरोना संक्रमित पाए गए है। इसके अलावा 24328 कोरोना संक्रमण से स्वस्थ हो चुके है। जिले में संक्रमण दर 4.03 प्रतिशत व रिकवरी रेट 98.94 प्रतिशत है।
पहले दिन 7 स्थानों पर लगेगी वैक्सीन
बुधवार से जिले में 12 से 14 साल के बच्चों को कोरोना की डोज लगाई जाएगी। इसके अलावा 60 प्लस सभी बुजुर्गों को कोरोना की बूस्टर डोज लगाई जाएगी। जिले में पहले दिन 7 जगाहों पर ही बच्चें को कोरोना की डोज लगाई जाएगी।
-डॉ. अशोक कुमार, कोरोना नोडल अधिकारी।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण मजबूत कवच
सरकार द्वारा देशभर में कोरोना के खिलाफ चलाए जा रहे वैक्सीनेशन महाअभियान में कोरोना के खिलाफ जंग में 16 मार्च से 12-14 आयुवर्ग के बच्चों का कोविड टीकाकरण शुरू हो रहा है। 12-14 आयु के बच्चों का कोविड टीकाकरण अवश्य करवाएं और इस टीकाकरण अभियान में भागीदार बनें। कोरोना से बचाव में टीकाकरण मजबूत सुरक्षा कवच है।
-यशेंद्र सिंह, डीसी, रेवाड़ी।