मुख्यमंत्री के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिंग में भाग लेते उपायुक्त यशेंद्र सिंह व अन्य अधिकारी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सरकार सतर्क है। हर पहलू पर कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से रेवाड़ी सहित राज्य के सभी जिलों के उपायुक्तों व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कोरोना रोकथाम के इंतजामों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता व जिला स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव संजीव कौशल, मुख्य प्रधान सचिव डी.एस. ढेसी व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने भी वीडियो कांफ्रेंस से जिला के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंस में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं डीसी यशेन्द्र सिंह सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल से बैठक में शामिल हुए। इस अवसर पर एसडीएम रविन्द्र यादव, एसडीएम संजीव कुमार, एसडीएम होशियार सिंह, डीएसपी हंसराज, डीआरओ राजेश ख्यालिया, डीडीपीओ एचपी बंसल, सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ विजय प्रकाश, डिप्टी सीएमओ डॉ अशोक, डॉ दीपक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
----------------------
विदेश से आने वालों की होगी मोनिटरिंग:
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीसी में दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश का अनुपालन करने को कहा। उन्होंने बताया कि कोविड-19 की पहली और दूसरी लहर की तुलना में इस बार तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामलों को मद्देनजर रखते हुए विदेश से आने वाले यात्रियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर विदेश से आने वाले यात्रियों का पूरा ब्यौरा रखते हुए उनकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही जब तक उनकी सेम्पल रिपोर्ट न आये तब तक आइसोलेशन में यात्री रहे इसका ध्यान मॉनिटरिंग टीम द्वारा रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी व अन्य सार्वजनिक परिसरों के प्रवेश पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आगंतुकों को कोरोना से बचाव के रूप में वैक्सीनेशन की दोनों डोज लगी हो। इसी प्रकार प्रशासन का कंट्रोल रूम भी एक्टिव किया जाए।
----------------
मास्क सहित वैक्सीन नहीं लगवाने वालों का भी होगा चालान-
डीसी ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से बिना मास्क व बिना वैक्सीनेशन के पाए जाने पर 500 रुपये का चालान किया जाएगा। साथ ही जिस संस्थान में कोई बिना मास्क व बिना वैक्सीनेशन के पाए जाएंगे तो उस संस्थान व संस्थान के मालिक पर 5 हजार रुपये का चालान करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने कहा कि किसी भी कार्यालय, संस्थान व बैंक, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड आदि स्थानों पर एसओपी की पालना न करने वालों व बिना वैक्सीन वालों के चालान किए जाएं साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर थूकने वालों के भी चालान किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थान के मुख्य गेट पर एंट्री करने वाले लोगों की वैक्सीनेशन बारे जागरूक किया जाएगा।