रेवाड़ी। पुलिस ने भवनीश हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार उसकी हत्या आरोपियों की बहन से बदतमीजी करने के कारण की गई है। पकड़े गए आरोपी गांव गोलकगढ़ निवासी यशपाल उर्फ गोलू व मनोज हैं।
पुलिस के अनुसार गांव गोकलगढ़ में 14 दिसंबर को भवनीश उर्फ भुरु का खून से लथपथ शव एक खंडहर नुमा मकान में मिला था। युवक का गला काटकर व सिर पत्थर से कुचल कर हत्या की गई थी। मौके पर खून से सनी ईंट, पत्थर व कांच की टूटी बोतल मिली थी। परिजनों ने गांव निवासी दीपक व दो अज्ञात युवकों पर रंजिश में हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस को दी शिकायत दी थी। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान मनोज और यशपाल का नाम सामने आया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने भवनीश की हत्या करना स्वीकार कर लिया। भवनीश के साथ दोनों की दोस्ती करीब तीन साल पहले हुई थी। भवनीश कई बार मनोज और यशपाल के साथ मारपीट कर चुका था। भवनीश ने करीब एक साल पहले यशपाल की बहन के साथ बदतमीजी भी की थी। इस बात का यशपाल ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की थी।
पुलिस के अनुसार वारदात के दिन दोनों ने भवनीश के मोबाइल पर काल कर गांव के एक खंडहर मकान में मिलने के लिए बुला लिया। भवनीश वहां पहुंचा तो यशपाल ने दरांती से हमला कर दिया था। भवनीश यशपाल पर भारी पड़ने लगा तो पीछे से मनोज ने पत्थर से हमला कर दिया था। सिर में चोट लगने के कारण भवनीश नीचे गिर गया और दोनों ने दरांती, बोतल व पत्थर से सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। हाथापाई के दौरान यशपाल और मनोज को भी चोट लग गई थी। हत्या के बाद दोनों फरार हो गए थे।
कोट
भवनीश की हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बहन से बदतमीजी और मारपीट से परेशान होकर दोनों ने उसकी हत्या की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद कोर्ट में अर्जी दाखिल कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। रिमांड मिलने पर आरोपियों से आगे की पूछताछ की जाएगी।
-मोहम्मद जमाल, डीएसपी रेवाड़ी।