नगर की परिधि में शहरवासियों और बाहर से आए यात्रियों को यातायात जाम की समस्या से रूबरू होना पड़ रहा है। अगर किसी को झज्जर, पटौदी, गुरुग्राम, दिल्ली या नारनौल और महेंद्रगढ़ की ओर जाना है तो उन्हें निश्चित तौर पर शहर के सरकुलर रोड का सहारा लेना ही पड़ेगा और तब उनको यह समस्या गर्मी के इस मौसम में खून के आंसू रुला देगी। इस समस्या के लिए स्थानीय बैंक शाखाओं के प्रबंधन भी जिम्मेदार हैं क्योंकि इन्होंने अपनी शाखाओं के आसपास अपने ग्राहकों के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं की है।
शहर के सरकुलर रोड पर लगभग दर्जन भर बैंक शाखाएं अपने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ दे रही हैं लेकिन इनके पास अपने ग्राहकों के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित नहीं है। लगातार ग्राहकों की संख्या बढ़ने के बावजूद भी इन्होंने इस विषय पर कभी गौर ही नहीं किया। बैंकों की गतिविधियों की समीक्षा के लिए अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ त्रैमासिक आधार पर होने वाली बैठक में ऋण देने के लक्ष्य के अलावा सरकार की नीति के अनुसार बेरोजगारों को ऋण सुविधा का लाभ देने के लिए विचार विमर्श होता है। मगर शहर में यातायात जाम को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाली बैंकों के पास वाहन पार्किंग नहीं होने के विषय पर चर्चा गौण हो जाती है या फिर इसका जिक्र करता नहीं आता, ऐसी सूरत में आज तक अधिकांश बैंक प्रबंधनों ने इस विषय पर कोई सकारात्मक कदम उठाने या निर्णय लेने की पहल ही नहीं की।
स्थिति उस समय अधिक खराब हो जाती है जब इनके साथ निजी अस्पताल हो और वहां जिले में किसी जगह से गंभीर घायल अवस्था में मरीज को लाने वाली एंबुलेंस सरकुलर रोड पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाने के लिए बार-बार सायरन बजाती रहे और ग्राहक बैंक के अंदर आराम से अपने बैंकिंग कामकाज निपटाते रहें। हालांकि काफी बार बैंकों के गार्ड ऐसी स्थिति को संभाल लेते हैं मगर अक्सर यह स्थिति पैदा होती है जिसके लिए बैंक प्रबंधन ठोस कदम नहीं उठा रहे। अहम बात यह है कि स्थानीय बैंक शाखा के प्रबंधकों के पास बड़े निर्णय लेने के अधिकार नहीं होने की स्थिति में वे ऐसी व्यवस्था को लेकर कोई भी निर्णय लेने में संकोच करते हैं और सरकुलर रोड पर जाम की स्थिति में कोई सुधार नहीं आ पाता और समस्या जस की तस रहती है।
वाहन पार्किंग बैंक प्रबंधन करेंगे निर्णय
- यातायात जाम की स्थिति और बैंकों के पास पार्किंग व्यवस्था को लेकर अग्रणी जिला प्रबंधक भूपेंद्र सिंह का कहना है कि वाहन पार्किंग बैंक प्रबंधन स्तर के निर्णय का विषय है। प्रशासन की ओर से अगर उच्च स्तर पर कोई पत्र भेजा जाता है और उस संबंध में बैंक शाखा प्रबंधकों को सूचित किया जाता है तब बैंक कोई कदम जरूर उठाएंगे।
- भूपेंद्र सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक।
----------------------
- सरकुलर रोड शहर की मुख्य सड़क है। पुलिस इस पर यातायात को सुचारु रखने के लिए हरसंभव कोशिश करती है। सभी चौराहों पर पुलिस जवानों के साथ होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती की गई है। शहर में बैंकों के आसपास वाहन पार्किंग व्यवस्था नहीं होने की वजह से कुछ लोग सड़क के बीचों बीच वाहन खड़े कर देते हैं, जिसकी वजह से यह समस्या पैदा होती है। अधिकारियों के आदेश आने पर यातायात नियम तोड़ने वालों के चालान भी काटे जाते हैं।
- धर्मपाल, यातायात प्रभारी शहर।