हरियाणा के नगरपरिषद चेयरमैन विजय पंचगावां के सेक्टर-13 स्थित आवास पर छात्र गुटों के बीच जमकर लाठी डंडे चले जिसमें एक छात्र घायल हो गया।
घायल को भिवानी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नप चेयरमैन ने आरोप लगाया है कि उनके आवास पर जानबूझकर हमला करवाया गया है। इसकी जांच की जानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार वीरवार को नप चेयरमैन विजय पंचगावां के सेक्टर-13 स्थित आवास पर कुछ युवक किसी काम से आए थे।
इसी दौरान पीछे से कई युवक लाठी-डंडों से लैस होकर आए और वहां मौजूद छात्रों पर हमला बोल दिया। चेयरमैन के आवास पर मकान की मरम्मत का काम चल रहा था।
हमले में गांव खरक निवासी परमवीर नामक छात्र घायल हो गया। उसे भिवानी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल छात्र ने बताया कि वह और उसके साथी पंचगावां आवास पर किसी काम से आए थे। कुछ छात्र पीछे से अचानक आए और उन पर हमला बोल दिया। वह नहीं जानते उन पर हमला क्यों किया गया।
नप चेयरमैन विजय पंचगावां ने बताया कि पुलिस की मिलीभगत से उन पर हमले का प्रयास किया गया है। घटना के समय वह नप कार्यालय में मौजूद थे।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सेक्टर-13 स्थित चौकी इंचार्ज सतपाल सिंह ने बताया कि कॉलेज के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ है।
इस मामले की पुलिस जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।