कुरुक्षेत्र में मणिपुर के कलाकारों ने वनवासी कल्याण आश्रम हरियाणा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गीता निकेतन आवासीय विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। एक से बढ़कर एक प्रस्तुति ने लोगों का मन कुछ इस प्रकार मोहा कि जिस किसी ने कलाकारों की पेशकश देखी, वह अपनी सीट छोड़ ही नहीं पाया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोविंद लाल सेतिया ने बताया कि वनवासी क्षेत्रों में राष्ट्र भावना जगाने के लिए वर्ष 1952 में इस कल्याण आश्रम की स्थापना हुई थी। शिक्षा, चिकित्सा, स्वावलंबन और जागरण के प्रकल्पों और आयामों के माध्यम से वनवासी कल्याण आश्रम वनवासी समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में अग्रसर हो रहा है। प्रांतीय सहमंत्री सतीश बंसल ने बताया कि हरियाणा में वर्ष 1986 से कल्याण आश्रम कार्य कर रहा है।
भिवानी और फरीदाबाद में उत्तर पूर्वांचल के छात्राें के लिए दो छात्रावास चलाए जा रहे हैं। इससे पहले, सीए राकेश ढल ने बतौर मुख्यातिथि कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वहीं, गोपाल कृष्ण, धुराला के डॉ. पवन सैनी, शिक्षाविद डॉ. शकुंतला शर्मा और नंदलाल छाबड़ा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. सुरेंद्र मैहता ने की। मंच का संचालन वनवासी कल्याण आश्रम के नगर सचिव जितेंद्र जांगड़ा ने किया।
इस अवसर पर हरियाणा प्रांत के संगठन मंत्री जय भगवान शर्मा, नरवाना के डॉ. जीवन बक्षी, कुलदीप चंद्र गुप्त, विजयंत बिंदल, मोहन लाल नागरथ, सरजंत सिंह, सतपाल शर्मा, सुरेश जोशी, मनोहर लाल शर्मा और कमल भारद्वाज मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्र म ने बांधा समां
लगभग साढे़ तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में मणिपुर के 25 कलाकारों के दल ने लगातार एकल नृत्य, समूह नृत्य, लोक नृत्य, मार्शल आर्ट, तलवार युद्ध, द्वंद्ध युद्ध और ढोल नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक युद्धवीर द्वारा आंखों पर पट्टी बांधकर कुल्हाड़ी से खीरा काटना रहा। वहीं तलवारबाजी व मार्शल आर्ट ने खूब तालियां बटोरी। श्री कृष्ण व गोपियों के नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आज गुरुकुल में पुन: होगा प्रसारण
प्रांतीय सहमंत्री सतीश बंसल ने बताया कि हरियाणा में यह कार्यक्रम 15 सितंबर से चल रहे हैं। हिसार व कैथल में कार्यक्रम हो चुका है। अगला कार्यक्रम कुरुक्षेत्र के गुरुकुल में गुरुवार 19 सितंबर को शाम 4 से 7 बजे तक होगा। उसके पश्चात सोनीपत, पानीपत, जीरकपुर, पंचकूला, गुडगांव, फरीदाबाद व भिवानी में होगा।